
लखनऊ नगर निगम सदन में हंगामा!
लखनऊ: लखनऊ नगर निगम का सामान्य सदन चल रहा है। सपा और कांग्रेस पार्षद सामान्य सदन से पहले पुनरीक्षित बजट को लेकर हंगामा किया। भाजपा पार्षद एकजुट होकर मेयर के पक्ष में आ गए। मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा- मैंने सामान्य सदन और पुनरीक्षित बजट दोनों का प्रस्ताव भेजा था।
सामान्य सदन 4 महीने से नहीं हुआ था, इसलिए पहले सामान्य सदन रखा गया है। अपर आयुक्त ललित कुमार ने जवाब दिया कि पुनरीक्षित बजट की पहले से मंजूरी लेनी होती है, इसलिए सामान्य बजट किया गया है। फिलहाल, मेयर और अपर नगर आयुक्त के जवाब से सपा-कांग्रेस पार्षद संतुष्ट नहीं हुए।
हंगामा जारी रखा। इसके बाद डूडा के फर्जीवाड़े का मुद्दा उठा। भाजपा पार्षद ने कहा- डूडा की कॉलोनी में अफसरों ने 1.50 लाख लेकर मनीष का घर मुस्लिम परिवार को दे दिया। कुछ देर बाद सीवर और पेयजल समस्या का मुद्दा सदन में गूंज उठा।
इस मुद्दे पर सपा, कांग्रेस और भाजपा पार्षद एकजुट नजर आ रहे हैं। सभी कार्यदायी कंपनी स्वेज इंडिया को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। इसको लेकर हंगामा चल रहा है।
भाजपा पार्षद जल कल विभाग का विरोध कर रहे हैं। बोल रहे हैं कि समस्या का निस्तारण नहीं हो रहा। स्वेज इंडिया की तरफ से कहा गया कि पिछले 4 महीने से प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट बनाकर काम किया जा रहा है।
भाजपा पार्षद राकेश राठौड़ ने भारतेंदु वार्ड की समस्या पर कमेटी बनाने की मांग की, क्योंकि वार्ड के पार्षद मान सिंह यादव ने यह समस्या उठाई हुई थी। इस पर स्वेज इंडिया के हर दिन रिपोर्ट बनने की बात पर पार्षद नाराज हो गए।