
Lucknow में पेट्रोल के लिए हाहाकार
लखनऊ Live: Lucknow से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पेट्रोल और डीजल को लेकर लोगों में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। लगातार दूसरे दिन शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि कुछ जगहों पर एक-एक किलोमीटर तक गाड़ियों की लाइन लग गई है।
अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पेट्रोल पंप बार-बार खाली हो रहे हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ती जा रही है। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालकों का साफ कहना है कि शहर में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, बल्कि यह पूरी स्थिति अफवाह और panic buying की वजह से बनी है।

शहर के कई इलाकों में हालात और भी ज्यादा तनावपूर्ण नजर आए। डीएम आवास के पास और बीकेटी के बांकेनगर स्थित पेट्रोल पंप पूरी तरह खाली हो चुके हैं। वहीं मुंशी पुलिया में Indian Oil Corporation के पेट्रोल पंप पर सुबह 9 बजे ही पेट्रोल खत्म हो गया था,
हालांकि दोपहर 2 बजे के बाद सप्लाई फिर से शुरू कर दी गई। इसके अलावा बंथरा के अनारी फिलिंग स्टेशन, सरोजनीनगर के अमौसी इलाके और बेहटवा स्थित बुद्धा फ्यूल पंप सहित Bharat Petroleum के कई पेट्रोल पंपों पर भी पेट्रोल खत्म होने की खबरें आईं, जहां फिलहाल केवल डीजल ही दिया जा रहा है।
स्थिति को संभालने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर पुलिस तैनात करनी पड़ी है, ताकि भीड़ को कंट्रोल किया जा सके। वहीं, अधिकतर पंपों पर अब लिमिट तय कर दी गई है — बाइक वालों को 100 से 200 रुपए तक और कार चालकों को 1000 से 2000 रुपए तक ही पेट्रोल दिया जा रहा है। प्रशासन और पंप संचालकों की अपील है कि लोग घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। साफ है कि असली समस्या पेट्रोल की कमी नहीं, बल्कि लोगों में फैली डर और अफवाह है, जिसने इस स्थिति को पैदा कर दिया है।