
मध्य प्रदेश: खाद वितरण के दौरान नायब तहसीलदार ने महिला किसान को मारा थप्पड़, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कृषि उपज मंडी में खाद वितरण के दौरान नायब तहसीलदार रितु सिंघई द्वारा एक महिला किसान को थप्पड़ मारने और बाल खींचने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे किसानों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
पीड़ित महिला की पहचान गुड़िया पटेल के रूप में
पीड़ित महिला किसान का नाम गुड़िया पटेल है, जो MA की छात्रा भी है। गुड़िया ने बताया कि वह केवल खाद लेने के लिए लाइन में खड़ी थी और उसने किसी से कोई अभद्रता नहीं की, इसके बावजूद नायब तहसीलदार ने उनके साथ मारपीट की।
गुड़िया का आरोप है कि अधिकारी ने उन्हें एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी भी दी।
खाद की किल्लत से नाराज़ किसान
छतरपुर में कई दिनों से खाद की कमी के चलते किसान परेशान हैं। बुधवार सुबह 1000–1500 किसान खाद लेने के लिए मंडी पहुँचे।
वितरण में अव्यवस्था और घंटों इंतज़ार के कारण किसानों ने सटई रोड पर जाम लगा दिया।
प्रशासन की दखलअंदाज़ी
मौके पर पहुँची पुलिस और प्रशासन ने जाम खुलवाया। इसी दौरान नायब तहसीलदार और महिला किसान के बीच का विवाद बढ़ा और थप्पड़ मारने की घटना कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद किसान संगठन और स्थानीय लोग कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की जाँच की खबरें सामने आ रही हैं।
