
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत भाजपा नेता देवेश श्रीवास्तव व होटल व्यवसायी जितेन्द्र सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत भाजपा नेता देवेश श्रीवास्तव व होटल व्यवसायी जितेन्द्र सिंह को अर्पित की श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव के गोरखपुर स्थित आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्व. श्रीवास्तव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी स्मृति को नमन किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की और उन्हें आश्वस्त किया कि वह हर परिस्थिति में परिवार के साथ हैं।ज्ञात हो कि भाजपा के समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता रहे देवेश श्रीवास्तव का 11 जून को हृदयाघात से निधन हो गया था। पार्टी संगठन में उनके योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देवेश श्रीवास्तव का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।इसके पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होटल व्यवसायी जितेन्द्र सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के जेल रोड स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने स्व. जितेन्द्र सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने स्व. सिंह के परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुःख की घड़ी में सरकार व प्रशासन उनके साथ है।मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
