
लखनऊ में ICCJW सम्मेलन में सीएम योगी ने संवाद को बताया शांति और विकास की कुंजी
लखनऊ: लखनऊ में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) द्वारा आयोजित 26वें इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ चीफ जस्टिसेस ऑफ वर्ल्ड (ICCJW) के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण संबोधन दिया। उन्होंने विश्व शांति, स्थिरता और सतत विकास के लिए संवाद को सबसे आवश्यक जरूरत बताया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि संवाद उन ताकतों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है, जो अपना वर्चस्व स्थापित करने के लिए अराजकता और अस्थिरता फैलाती हैं। उन्होंने कहा कि जहां अराजकता हो, वहां सतत विकास की बात व्यावहारिक नहीं होती। संवाद को बाधित करके वर्चस्व की राजनीति की जाती है, लेकिन यह सम्मेलन स्वयं में संवाद का एक ऐसा मंच है, जो मानवता के लिए महत्वपूर्ण संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने भारत की प्राचीन परंपरा ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सदियों से पूरी दुनिया को एक परिवार मानकर संकट के समय सहयोग करता आया है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) द्वारा घोषित सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (SDGs) का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, रोजगार और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय मानवता के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं, जिनमें शिक्षा सबसे प्रमुख लक्ष्य है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि दुनिया की वास्तविक समस्या को समझें, तो वह आपसी संवाद की कमी है। इसीलिए ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन वैश्विक शांति और सहयोग को मजबूत करता है।
