
उपभोक्ताओं की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता: ए.के. शर्मा
लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को संगम सभागार में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा और संतोष ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिजली आज आमजन के जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ विषय है, इसलिए हर घर तक निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके लिए अधिकारियों को केवल दफ्तरों तक सीमित न रहकर फील्ड में सक्रियता से कार्य करना होगा।ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखें और उपभोक्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करें। उन्होंने 1912 उपभोक्ता सेवा हेल्पलाइन का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस नंबर पर दर्ज हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य है। शिकायतों की अनदेखी या लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई होगी।बैठक में बार-बार जलने वाले ट्रांसफार्मरों की समस्या पर गहन चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों को तुरंत चिन्हित कर ट्रांसफार्मरों का उच्चीकरण किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली बाधित होने की परेशानी से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता लाकर उपभोक्ताओं का भरोसा जीतना ही मुख्य लक्ष्य है।ए.के. शर्मा ने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य केवल बिजली आपूर्ति करना नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और सतत सेवा उपलब्ध कराना है। सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण, चेयरमैन आशीष गोयल, पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी एमडी और जनपद स्तरीय अधिकारी ऑनलाइन जुड़े रहे।
