diwali horizontal

महिला मंत्री के पति के बयान से बवाल, बिहार की बेटियों पर टिप्पणी से मचा सियासी तूफान

0 49

महिला मंत्री के पति के बयान से बवाल, बिहार की बेटियों पर टिप्पणी से मचा सियासी तूफान

उत्तराखंड | राजनीतिक विवाद: उत्तराखंड की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू एक आपत्तिजनक बयान को लेकर गंभीर विवादों में घिर गए हैं। अल्मोड़ा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार की बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी तूफान खड़ा हो गया।

क्या है पूरा मामला

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गिरधारी लाल साहू यह कहते हुए सुने जा रहे हैं कि
“अगर आपकी शादी नहीं हो पा रही है तो क्या बुढ़ापे में करोगे? मेरे साथ आइए, हम आपके लिए बिहार से लड़की लाएंगे। वहां 20,000 से 25,000 रुपये में लड़की मिल जाएगी और हम आपकी शादी करा देंगे।”

इस बयान के सामने आने के बाद भारी विरोध शुरू हो गया। आलोचना बढ़ने पर गिरधारी लाल साहू ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और वह केवल एक परिचित की शादी का उदाहरण दे रहे थे। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी भी मांग ली।

विपक्ष का तीखा हमला

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस बयान पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की सोच बिहार और महिलाओं के प्रति हमेशा से अपमानजनक रही है। उन्होंने इसे बिहार की बेटियों का सीधा अपमान बताया।

वहीं उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने इस बयान को मानव तस्करी को बढ़ावा देने वाला करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस विभाग की जिम्मेदारी महिला कल्याण से जुड़ी है, उसी मंत्री के परिवार से ऐसा बयान कैसे आ सकता है।

भाजपा और महिला आयोग की प्रतिक्रिया

उत्तराखंड भाजपा के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पार्टी ऐसे बयानों का समर्थन नहीं करती। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गिरधारी लाल साहू का भाजपा से कोई आधिकारिक पद या संगठनात्मक भूमिका नहीं है।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने इस बयान को मानसिक दिवालियापन बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है और गिरधारी लाल साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की बात कही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.