
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 6,692 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 81 लोगों की मौत हो गई है। राजधानी लखनऊ में रिकाॅर्ड 1,006 रोगी मिले है। वहीं लखनऊ में सबसे ज्यादा 18 लोगों की मौत हो गई है।

लखनऊ मे संक्रमितों का आंकड़ा 31 हजार पार
लखनऊ में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 31,502 पहुंच गया है। शनिवार को 747 रोगियों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अबतक 22,869 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। वहीं 8213 मामले अभी भी सक्रिय है। जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अबतक 420 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान जा चुकी है।

प्रयागराज में 413 नए केस
यूपी में कोरोना संक्रमण मामले में प्रयागराज आज दूसरे स्थान पर रहा है। जहां 413 नए पाॅजिटिव मरीज मिले है। इसके अलावा कानपुर नगर में 362, गौतमबुद्ध नगर में 2013, गोरखपुर में 206, सहारनपुर में 198, वाराणसी में 190, शाहजहांपुर में 184, गाजियाबाद में 167, मेरठ में 156, प्रतापगढ़ में 148, बरेली में 133, रामपुर में 132, मुरादाबाद में 128, अयोध्या में 124, बाराबंकी में 120, अलीगढ़ में 116, झांसी में 104 और आगरा में 87 नए कोरोना रोगी मिले है। वहीं कानपुर में 7, गोरखपुर और हरदोई में 5-5, वाराणसी में 4, गाजियाबाद और बहराइज में 3-3 लोगों की कोरोना ने जान ले ली है

रिकवरी रेट 75.43 प्रतिशत
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में 6,692 नए मामलों के साथ ही कुल संक्रमितों आंकड़ा अब 2,59,765 पहुंच गया है। वहीं अबतक 1,95,959 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट फिलहाल 75.43 प्रतिशत है। सूबे में अबतक कोरोना के कारण 3,843 लोगों की मौत हुई है और केस फैटालिटी रेट 1.47 प्रतिशत है। वहीं राज्य में 30 अगस्त को सर्वाधिक 6233 नए केस सामने आए थे

50 प्रतिशत से अधिक लोग होम आइसोलेट
अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि यूपी में फिलहाल कोरोना के 59,963 सक्रिय मामले हैं। इसमें से 30,848 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत से अधिक लोग फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। साथ ही उन्होंने संक्रमित लोगों से अपील की है कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोग अपना खास ध्यान रखें और थर्मामीटर व ऑक्सीमीटर से अपनी जांच करते रहें। स्थिति बिगड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें ताकि उनका समय पर उचित इलाज हो सके।
अबतक 63 लाख से अधिक सैंपल्स की जांच
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि सूबे में लगातार बड़ी संख्या में टेस्टिंग की जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश में कुल 1,48,274 कोरोना सैंपल्स की जांच हुई है। अभी तक प्रदेश में कुल 63,45,223 नमूनों की जांच कर ली है। यह देश के किसी भी राज्य द्वारा की गई टेस्टिंग की सर्वाधिक संख्या है। उन्होंने कहा कि कल हमने करीब 46 हजार से अधिक सैंपल्स आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए विभिन्न लैब्स को भेजे। राज्य में प्रतिदिन हम डेढ़ लाख के आसपास सैंपल्स टेस्टिंग के लिए भेज रहे हैं