diwali horizontal

Corona Update : UP में 5061 व लखनऊ में 791 नए मामले, 63 की मौत

0 196

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। लेकिन रविवार की तुलना में सोमवार को कुछ कम नए केस आए है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 5,061 पाॅजिटिव मरीज मिले है। इस दौरान 63 लोगों की मौत हो गई है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को 791 नए मामले सामने आए है और 15 लोगों की जान चली गई है। वहीं योगी सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री मोहसिन रजा भी कोरोना पाॅजिटिव आए हैं।

लखनऊ में संक्रमितों का आंकड़ा 27 हजार पार

लखनऊ में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 27 हजार को पार कर गया है। कुल संक्रमित मामलों में से 7,174 मामले अभी भी सक्रिय है। जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं सोमवार को 551 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अबतक 19,893 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। अबतक लखनऊ में 361 लोगों की कोविड से जान जा चुकी है।

कानपुर नगर में अबतक सबसे ज्यादा मौत

गोरखपुर प्रदेश में आज दूसरे नंबर पर रहा है। जहां 374 नए मामले आए हैं। इसके अलावा प्रयागराज में 288, कानपुर में 251, वाराणसी में 210, मुरादाबाद में 160, गजियाबाद में 143, गौतमबुद्ध नगर में 126, अलीगढ़ में 121, सहारनपुर में 110 और कुशीनगर में 104 नए मरीज मिले है। इस दौरान देवरिया में 7, कानपुर नगर में 5, प्रयागराज और वाराणसी में 3-3, बरेली, बाराबंकी, आजमगढ़, मुजफ्फरनगर, रायबरेली और ललितपुर में 2-2 लोगों की मौत हो गई है। अबतक प्रदेश में कानपुर नगर में सबसे ज्यादा 434 लोगों की जान जा चुकी है।

172140 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ

अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने सोमवार को बताया कि रविवार को प्रदेश में 6,233 नए मामले दर्ज हुए थे। राज्य में एक दिन में मिले संक्रमण के नए मामलों की यह सर्वाधिक संख्या थी। वहीं सोमवार को 5,061 नए मामलों के साथ यूपी में कुल संक्रमितों की संख्या 2,30,414 पहुंच गई है। कुल संक्रमितों में से 1,72,140 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। वहीं अबतक 3,486 लोगों की जान जा चुकी हैै।

यूपी में 54788 केस एक्टिव

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 54,788 हो गई है। इसमें से 27,263 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं, जबकि बाकी के लोग अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अबतक 1,00,682 लोगों ने होम आइसोलेशन में रहने का विकल्प चुना है और बड़ी मात्रा में लोग ठीक हो चुके हैं।

अमित मोहन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रविवार को 136585 नमूनों की जांच की गई थी। सूबे में अबतक 56,26,897 नमूनों की जांच की जा चुकी है, जो किसी भी प्रदेश में सर्वाधिक है। उन्होंने कहा हम लगातार टेस्टिंग क्षमता बढ़ा रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.