diwali horizontal

SIR प्रक्रिया में साइबर ठगी का नया मामला, CEO ने मतदाताओं को किया सतर्क

0 51

SIR प्रक्रिया में साइबर ठगी का नया मामला, CEO ने मतदाताओं को किया सतर्क

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच एक नए तरह के साइबर स्कैम का मामला सामने आया है, जिसको लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने मतदाताओं को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुछ अज्ञात लोग स्वयं को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या निर्वाचन विभाग का कर्मचारी बताकर मतदाताओं को कॉल कर रहे हैं और उनके मोबाइल पर आए ओटीपी (OTP) की मांग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया में बीएलओ या निर्वाचन विभाग द्वारा किसी भी मतदाता से ओटीपी नहीं मांगा जाता। यह पूरी तरह से फर्जी कॉल और संभावित साइबर ठगी की श्रेणी में आता है।

अधिकारी ने मतदाताओं को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी माध्यम से ओटीपी मांगने का प्रयास होता है, तो ऐसी कॉल को तुरंत अस्वीकार करें और किसी के साथ भी ओटीपी साझा न करें। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईआर कार्य से जुड़े बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित और एकत्र कर रहे हैं। मतदाता स्वयं भी फॉर्म भरकर सीधे अपने बीएलओ को दे सकते हैं। एसआईआर प्रक्रिया में न तो ओटीपी की आवश्यकता है और न ही किसी लिंक पर क्लिक करने की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस तरह की अफवाहों और धोखाधड़ी के मामलों से बचाव के लिए तुरंत जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही, किसी भी शिकायत पर संबंधित एजेंसी को सूचित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सतर्क और जागरूक रहें तथा किसी संदेह की स्थिति में सीधे अपने बीएलओ से संपर्क करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.