
बीबीएयू के डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र द्वारा डीएसीई प्रवेश साक्षात्कार की तिथि घोषित
6 और 7 अगस्त को होंगे साक्षात्कार, अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर रिपोर्ट करने के निर्देश
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र (DACE) द्वारा डीएसीई प्रवेश परीक्षा-2025 में सम्मिलित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश साक्षात्कार की तिथि घोषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह साक्षात्कार 6 एवं 7 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। यह प्रक्रिया मानवाधिकार विभाग, विधि अध्ययन स्कूल के तत्वावधान में संपन्न होगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 अगस्त (बुधवार) को उन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा जिनके रोल नंबर 20250001 से 20250150 के मध्य हैं। वहीं 7 अगस्त (गुरुवार) को 20250151 से 20250450 तक के रोल नंबर वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।सभी अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे डॉ. अंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र, बीबीएयू के कार्यालय में रिपोर्ट करना अनिवार्य किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी एक-एक छायाप्रति भी प्रस्तुत करनी होगी।साक्षात्कार के लिए अनिवार्य दस्तावेजों में इंटरमीडिएट और स्नातक की मूल अंकतालिकाएं, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा डीएसीई प्रवेश परीक्षा (CET-2025) का प्रवेश पत्र शामिल हैं। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध किया गया है कि वे समयबद्ध रूप से समस्त आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हों, ताकि साक्षात्कार प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।बीबीएयू प्रशासन ने साक्षात्कार प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगठित बनाने की दिशा में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली हैं। विश्वविद्यालय का यह प्रयास सामाजिक न्याय और शिक्षा के अवसरों को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
