
दिल्ली पुलिस ने 105 करोड़ की मेथाम्फेटामाइन जब्त कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़ किया
दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु में सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 105 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की है और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
चलती-फिरती मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का खुलासा
पुलिस की कार्रवाई में एक बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपियों ने दिल्ली में ही चलती-फिरती ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बना रखी थी। पूरी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया एक ट्रक के अंदर की जाती थी। स्पेशल सेल के डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार यह मोबाइल लैब इतनी खतरनाक थी कि इसे कहीं भी खड़ा करके कुछ ही घंटों में मेथाम्फेटामाइन जैसी सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा सकती थी।
सप्लाई और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क
बरामद की गई मेथाम्फेटामाइन की खेप मुख्य रूप से नव वर्ष की रेव पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि ड्रग्स की यह बड़ी मात्रा विदेश से मंगवाई गई थी और इसका नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ है। पुलिस अब इनके विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है। आरोपी लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में ड्रग्स का कारोबार कर युवाओं को निशाना बना रहे थे।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
स्पेशल सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपियों को दिल्ली से और एक को बेंगलुरु से पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस कार्रवाई से नए साल की कई बड़ी रेव पार्टियों में ड्रग्स की सप्लाई रुक गई है। उन्होंने कहा कि राजधानी को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए अभियान और मजबूत किया जाएगा।
