diwali horizontal

थर्ड पार्टी निरीक्षण में तेजी लाने के उप मुख्यमंत्री के निर्देश, 9 जुलाई को मेरठ में वृक्षारोपण कार्यक्रम में होंगे शामिल

0 68

थर्ड पार्टी निरीक्षण में तेजी लाने के उप मुख्यमंत्री के निर्देश, 9 जुलाई को मेरठ में वृक्षारोपण कार्यक्रम में होंगे शामिल

लखनऊ/मेरठ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राज्य में खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023’ के अंतर्गत अनुमोदित परियोजनाओं के थर्ड पार्टी निरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों से प्राप्त परियोजना प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने, स्थापित इकाइयों को मिलने वाली सब्सिडी के मामलों की लगातार समीक्षा करने और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगों के माध्यम से प्रदेश में अधिक से अधिक पूंजी निवेश लाया जाना है। इसी क्रम में विभिन्न थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसियों को जनपदवार अनुमोदित परियोजनाओं की सूची तथा लेटर ऑफ कम्फर्ट प्रेषित कर दिए गए हैं, ताकि संबंधित इकाइयों के प्रमोटरों से संपर्क कर स्थलीय सर्वेक्षण एवं सत्यापन का कार्य शीघ्रता से पूरा किया जा सके। निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में स्पष्ट संस्तुति सहित हार्ड कॉपी में निदेशालय, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, लखनऊ को उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अगली कार्रवाई की जा सके।इस कार्य के लिए चयनित थर्ड पार्टी निरीक्षण एजेंसियों में राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान और शोध संस्थान शामिल हैं। इन संस्थानों के विशेषज्ञों और विद्यार्थियों की मदद से इकाइयों का निरीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता के भाव को जागृत करना भी है, जिससे वे भविष्य में स्वयं को उद्यमी के रूप में स्थापित कर सकें।अपर मुख्य सचिव उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण एवं रेशम विभाग बी.एल. मीना ने बताया कि खाद्य प्रसंस्करण नीति-2023 के तहत अब तक राज्य स्तरीय सशक्त समिति द्वारा 104 परियोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया जा चुका है। विभागीय निदेशक को समस्त निरीक्षण कार्यों की प्रभावी अनुश्रवण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही समस्त इन्वेस्टर्स से यह अपेक्षा की गई है कि वे अपनी इकाइयों के संबंध में नामित थर्ड पार्टी एजेंसियों से तत्काल संपर्क कर निरीक्षण का कार्य नियमानुसार पूर्ण कराएं।इस बीच उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 09 जुलाई को प्रातः 11 बजे मेरठ स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे तथा सर्किट हाउस मेरठ में जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.