
देव दीपावली 2025: काशी के घाटों पर 25 लाख दीपों से सजी रोशनी और 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग का भव्य महोत्सव
देव दीपावली 2025: काशी के घाटों पर 25 लाख दीपों से सजी रोशनी और 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग का भव्य महोत्सव
वाराणसी: देव दीपावली 2025 के अवसर पर काशी के उत्तरवाहिनी गंगा के दोनों तट दिव्यता और रौशनी से जगमगाएंगे। महादेव की नगरी में अर्धचंद्राकार घाट करीब 25 लाख दीपों की माला से सजेंगे, जबकि गंगा पार रेत पर रंग, रोशनी और संगीत का समावेशी प्रदर्शन सृष्टि को आलोकित करेगा। इस बार 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो की अद्भुत झलक श्रद्धालुओं को अविस्मरणीय अनुभव कराएगी।उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विभागीय प्रयास है कि “देवों की दिवाली” हर आगंतुक के लिए यादगार बने। वाराणसी के चेत सिंह घाट और गंगा द्वार पर 03 से 05 नवम्बर 2025 तक 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मनमोहक प्रस्तुति में गंगा, काशी और देव दीपावली की पावन कथा को 25 मिनट के दर्शनीय अनुभव में पिरोया जाएगा, जिसमें 17 मिनट की प्रोजेक्शन मैपिंग और 08 मिनट का लेजर शो सम्मिलित होगा।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम से देव दीपावली, काशी-वाराणसी, भगवान शिव, गंगा और अन्य पौराणिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। गंगा तट स्थित प्राचीन इमारतों की दीवारों और घाटों पर आधुनिक लेजर तकनीक से विभिन्न छवियां उकेरी जाएंगी। हिंदी में संवाद के माध्यम से संबंधित कहानियां दर्शकों को सुनाई जाएंगी।इस बार देव दीपावली पर घाटों पर लगभग 25 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसमें 10 लाख दीप राज्य सरकार की ओर से जलाए जाएंगे, जबकि बाकी दीप स्थानीय समितियों द्वारा प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की यह श्रृंखला घाटों को दिव्यता और सौंदर्य से भर देगी, जिससे गंगा तट और पूरे शहर का दृश्य भक्तों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाएगा।काशी के घाट केवल दीपों से ही नहीं, बल्कि आकाश तक फैली रोशनी से भी जगमगाएंगे। लगभग डेढ़ किलोमीटर के क्षेत्र में 10 मिनट तक चलने वाला शानदार फायर क्रैकर्स शो 200 मीटर तक रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरेगा। यह शो पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन फायर क्रैकर्स, तकनीक और कंप्यूटर आधारित कोरियोग्राफी के साथ तैयार किया गया है और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों को पूरा करता है।इस वर्ष देव दीपावली पर काशी में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए स्थानीय प्रशासन सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां कर रहा है, ताकि प्रत्येक आगंतुक को सुगम और सुरक्षित माहौल मिले।पर्यटन सूचना अधिकारी नितिन कुमार द्विवेदी ने बताया कि देव दीपावली से पहले 01 से 04 नवम्बर तक गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय कलाकार संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से काशी की परंपरा और कला की झलक प्रदर्शित करेंगे।इस तरह देव दीपावली 2025 काशी के घाटों पर एक भव्य, रोशनी और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव साबित होगा।
