
प्रयागराज: महाकुंभ में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते पूरा प्रयागराज शहर जाम के झाम में फंस गया है. प्रयागराज की सीमा पर भीषण ट्रैफिक जाम है. प्रयागराज के साथ-साथ वाराणसी, मिर्जापुर, भदोही, कौशांबी और प्रतापगढ़ के पुलिस और प्रशासन के अधिकारी इस जाम को हटाने में लगे हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है, जिसे रोकना मुश्किल हो रहा है. अब शहर में एंट्री भी बंद हो गई है. इस बीच यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार खुद सामने आए और प्रयागराज की ट्रैफिक व्यवस्था पर अपनी बात रखी.
इसके बावजूद यूपी पुलिस के हर सिपाही से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक, सभी दिन-रात अथक परिश्रम कर रहे हैं. वे श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दे रहे हैं, सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं और शहर को सुव्यवस्थित बनाए रखने में अपनी पूरी शक्ति झोंक रहे हैं. इतने विशाल मानवीय प्रवाह का प्रबंधन करना एक ऐतिहासिक कार्य है और हमारे पुलिसकर्मी असाधारण धैर्य, समर्पण और निष्ठा का प्रदर्शन कर रहे हैं.
अब तक 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं और हर दिन लाखों की संख्या में लोग प्रयागराज आ रहे हैं. इस अभूतपूर्व मानवीय और वाहनों के प्रवाह को प्रबंधित करना किसी भी प्रशासन या पुलिस बल के लिए अब तक की सबसे कठिन चुनौती है. प्रयागराज का बुनियादी ढांचा अपनी अधिकतम क्षमता से आगे बढ़कर काम कर रहा है और ऐसे में यातायात में देरी स्वाभाविक है. यह किसी प्रशासनिक असफलता का नहीं, बल्कि तीर्थयात्रियों की असाधारण संख्या का परिणाम है