diwali horizontal

मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!

अयोध्या LIVE 28/10/25

0 59

मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश!

(सिटीजन वॉयस: अयोध्या: संवाददाता: जे पी गुप्ता)

अयोध्या:  मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक अंबेडकरनगर के बिना पूर्व सूचना बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही करने तथा निरस्त किए गए आवेदनों की जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र युवाओं को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपना रोजगार स्थापित कर सकें। वहीं, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने डीसी अमेठी को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।
इसके अलावा, एक जनपद एक उत्पाद वित्तीय पोषण योजना में समय पर आवेदनों का निस्तारण न होने पर उन्होंने संबंधित बैंकों के साथ बैठक कर समीक्षा करने के निर्देश दिए। एम०ओ०यू०/जी०बी०सी० से संबंधित विवरणों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि कंपनियों व फर्मों की समस्याओं का समाधान कर प्रस्तावित एमओयू को शासन की मंशा के अनुरूप धरातल पर लागू किया जाए।
बैठक में उपस्थित उद्योगपतियों ने विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न औद्योगिक समस्याओं को प्रस्तुत किया,

जिस पर मंडलायुक्त ने संयुक्त आयुक्त उद्योग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीमती सविता भारती रंजन, सहायक प्रबंधक मिट्ठू लाल यादव, उपयुक्त उद्योग सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकरनगर व सुल्तानपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।बैठक के उपरांत मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश मंडलीय माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज फैसिलिटेशन काउंसिल की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें कन्सीलियेशन से संबंधित सन्दर्भों एवं अवार्ड/आरसी संबंधित वादों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम व एसएसपी ने किया परिक्रमा मार्ग का देर रात निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश!

अयोध्या:  परिक्रमा मार्ग पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सोमवार देर रात जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर, अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय व पुलिस अधीक्षक नगर सहित अन्य अधिकारियों के साथ व्यापक निरीक्षण किया।निरीक्षण दल ने सहादतगंज हनुमानगढ़ी से गुप्तारघाट, रेतिया, उदया तिराहा, राजघाट पार्क, झुनकीघाट होते हुए नयाघाट तक पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने परिक्रमा मार्ग पर साफ-सफाई, रोशनी, श्रद्धालुओं के बैठने व ठहरने की व्यवस्था की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह सुगम एवं स्वच्छ बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में स्ट्रीट लाइटें, डस्टबिन व साइन बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए।नयाघाट पर जिलाधिकारी ने स्नान, शौचालय व पेयजल की व्यवस्था की समीक्षा की तथा सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद निरीक्षण दल नयाघाट चौकी, हनुमान गुफा, रामघाट, हलकारा का पुरवा होते हुए आगे बढ़ा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग सुगम बनाने व आवश्यक स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी फुंडे ने बूथ नम्बर 04 सूरजकुंड, आचारी सगरा, जनौरा सहित अन्य स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मोदहा क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के दोनों ओर लाइटिंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिएजिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर संभावित भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, चिकित्सा सहायता, आपातकालीन सेवा और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने साफ कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण और सुगमता सर्वोच्च प्राथमिकता पर है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सहित अन्य विभागीय व पुलिस अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

 

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत युवा सम्मेलन आयोजित!

अयोध्या:  भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत अयोध्या में एक युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा अनुभव द्विवेदी और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा रवि शर्मा ने की।अभिजात मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में नए आयाम स्थापित किए हैं। स्टार्टअप, मेक इन इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं।अनुभव द्विवेदी ने कहा कि युवा मोर्चा का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब युवा वर्ग अपने कौशल और परिश्रम से समाज को दिशा देगा। कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि “भाजपा युवा मोर्चा युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत अभियान युवाओं के सामर्थ्य और स्वाभिमान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में शैलेंद्र कोरी, परमानंद मिश्रा, दिनेश मिश्रा, सार्थक प्रताप तिवारी, आकाश सिंह, आयुष पांडेय, दीपक चौधरी, ज्वाला सोनी, सुरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र मिश्रा, गौरव सिंह गोलू, अश्वनी गुप्ता, यश पाठक, अभिषेक शुक्ला, सौरभ मिश्रा सहित सैकड़ों युवा उपस्थित रहे। सम्मेलन में युवाओं ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

एबीवीपी अवध प्रांत  केंद्रीय प्रवास संपन्न 

अयोध्या:  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अवध प्रांत के केंद्रीय प्रवास कार्यक्रम के तहत अयोध्या विभाग की बैठक श्री परमहंस शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय, विद्याकुंड में संपन्न हुई।
बैठक में प्रवासी के रूप में उड़ीसा के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री बायलोचन साहू, प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी और केंद्रीय प्रवास संयोजक आकाश पटेल मौजूद रहे।बैठक में सदस्यता, इकाई निर्माण और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।

 

बायलोचन साहू ने एबीवीपी को विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बताया, जबकि अंशुल विद्यार्थी ने कहा कि एबीवीपी राष्ट्रवाद और चरित्र निर्माण का प्रतीक संगठन है।समापन पर विभाग प्रमुख डॉ. नागेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया और संचालन दिवाकर चौरसिया ने किया।

 

टीईटी अनिवार्यता पर शिक्षकों में उबाल, 24 नवंबर को दिल्ली में गरजेगा शिक्षक समाज

अयोध्या: देशभर के शिक्षकों में टीईटी अनिवार्यता को लेकर गहरा आक्रोश है। सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद यह आदेश अब सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और सम्मान पर सीधा प्रश्नचिह्न बन गया है।इसी के विरोध में अखिल भारतीय शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर
24 नवंबर 2025 को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
इस आंदोलन की तैयारी पूरे प्रदेश में युद्धस्तर पर चल रही है।
अयोध्या में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में एवं मंत्री प्रेम वर्मा के संचालन में सर्किट हाउस अयोध्या में आयोजित बैठक में धरने को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की रणनीति तय की गई।डॉ. संजय सिंह ने कहा-यह किसी संगठन की नहीं, बल्कि हर उस शिक्षक की लड़ाई है ।जिसने वर्षों तक सेवा दी और अब उसके अस्तित्व को चुनौती दी जा रही है।उन्होंने कहा कि टीईटी की अनिवार्यता 2011 के बाद लागू हुई थी,

इसलिए 2011 से पहले नियुक्त शिक्षकों पर इसे थोपना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि उनके अनुभव का अपमान भी है।

केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के स्वागत की तैयारी तेज, रालोद कार्यकर्ताओं में उत्साह!

अयोध्या: राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के 30 अक्टूबर को अयोध्या आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उनके महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्या पहुंचने पर रालोद कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है।इसी सिलसिले में राष्ट्रीय लोकदल अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल के लीलापुर स्थित आवास पर एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य बलराम यादव ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष अरविंद सिंह महंत ने किया। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह  केंद्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार अयोध्या आ रहे हैं। यह हम सबके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। हमारे संस्थापक पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री चौधरी अजित सिंह  ने ही अयोध्या एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की घोषणा की थी, जो अब साकार रूप ले चुका है।उन्होंने बताया कि जयंत सिंह का स्वागत हवाई अड्डे पर सुबह 9 बजे किया जाएगा, और सभी कार्यकर्ता निर्धारित समय पर वहां पहुंचें। श्री पटेल ने कहा कि एयरपोर्ट से लेकर अयोध्या बॉर्डर तक झंडे, बैनर और होर्डिंग्स लगाकर स्वागत स्थल को सजाया जा रहा है।
बैठक में क्षेत्रीय महासचिव हरिश्चंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद श्रीवास्तव (गप्पू दादा), युवा जिला अध्यक्ष अनिल वर्मा, किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष देवीशरण वर्मा, जिला सचिव अजीत वर्मा, रालोद नेता राजित राम वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष सदस्यता अभियान बबलू यादव, विश्वनाथ पटेल, जितेंद्र यादव, जे.पी. चौहान, मस्तराम भारती, सियाराम रावत, रामकुमार वर्मा, ब्रजनाथ वर्मा, रामकैलाश वर्मा, जगन्नाथ वर्मा, शंभूनाथ वर्मा, छेदीलाल, जग प्रसाद भारती, राहुल वर्मा, धर्मेंद्र प्रताप वर्मा, श्रीचंद वर्मा, अंकित वर्मा, मुकेश रावत, सियाराम वर्मा, मनीराम वर्मा, जानकी प्रसाद वर्मा, रामसनेही रावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रूदौली में बनेगा रूद्रावली उपवन, पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने किया पौधरोपण

अयोध्या:  पूर्व सांसद लल्लू सिंह की संस्था श्री अयोध्या न्यास द्वारा विधानसभा क्षेत्र रूदौली में रूद्रावली उपवन का निर्माण कराया जाएगा। यह वाटिका ग्राम सभा बारी मड़हा नदी के किनारे रूदौली-अमानीगंज संपर्क मार्ग पर विकसित की जा रही है। मंगलवार को इसके शुभारंभ अवसर पर पीपल, नीम, पाकड़ और बरगद सहित 200 पौधों का रोपण किया गया। सभी पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए गए हैं तथा स्थानीय लोगों को एक-एक पौधे की संरक्षण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद लल्लू सिंह का स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “वृक्ष हमारे जीवन के आधार हैं। इनसे न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि यह मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। रूद्रावली उपवन आने वाले समय में हरियाली और शांति का प्रतीक बनेगी।”
उन्होंने कहा कि श्री अयोध्या न्यास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति दोनों की रक्षा करना है। लल्लू सिंह ने लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति एक पौधे का संरक्षक बनकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दें।

मौके पर विधायक चंद्रभानु पासवान,  जिला महामंत्री अशोक कसौधन, जिला उपाध्यक्ष शिवगोविद पांडेय, लालजीत सिंह प्रधान, जिलाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा किशोरी लाल भारती, जिला महामंत्री महिला मोर्चा सुमन पासवान, महेश प्रधान, अन्नू सिंह, विष्णु प्रधान, राम केवल लोधी, रामसनेही लोधी, शीतल पाठक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने रूद्रावली वाटिका को एक हरित प्रेरणा केंद्र के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया।

आस्था का महापर्व छठ पूजा, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ संपन्न!

अयोध्या: सूर्य उपासना और आस्था का महापर्व छठ पूजा मंगलवार को अयोध्या में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर हुआ।सुबह तड़के से ही सरयू नदी के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सरयू जल में खड़ी होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती रहीं और अपने परिवार के सुख, समृद्धि तथा कल्याण की कामना की।हालांकि मौसम खराब रहने के कारण भगवान सूर्य के दर्शन स्पष्ट रूप से नहीं हो सके, फिर भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। महिलाओं ने निर्धारित सूर्योदय के समय को केंद्र में रखकर पूजा-अर्चना की और पारंपरिक गीतों के साथ सूर्य देव की आराधना की।गुप्तारघाट पर भी छठ पूजा का विशेष आयोजन किया गया, जहाँ स्थानीय श्रद्धालु कैलाश राय की पत्नी रत्नबाला राय, पुत्र शुभय राय और पुत्री अनुपम राय अंजू राय अयंश राय सहित पूरा परिवार उपस्थित रहा।

परिवार ने सूर्य देव की आराधना कर अपने परिजनों के कल्याण की प्रार्थना की।सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन द्वारा घाटों पर कड़े इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस बल और आरएएफ  फोर्स की तैनाती के चलते आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। गुप्तारघाट पर एक बार फिर आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ भक्ति और अनुशासन के साथ छठ व्रत का समापन हुआ।

पल्टूबीर बाबा मेले में उमड़ा जसैलाब, आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम!

अयोध्या: कार्तिक अमावस्या के बाद पड़ने वाले मंगलवार को हैदरगंज क्षेत्र के प्रसिद्ध पल्टूबीर बाबा देवस्थल पर आस्था, परंपरा और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला। सरयू तट पर बसे इस पवित्र स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। रामपुर अहिरौली, खपराडीह, जानाबाजार, चरावा समेत आसपास के गांवों से महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी श्रद्धा से बाबा के दरबार पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने बाबा को पूड़ी-लपसी का भोग अर्पित कर मन्नतें मांगीं। चारों ओर भक्ति संगीत, घंटों और जयकारों की गूंज से पूरा इलाका धर्ममय हो उठा। मंदिर के पुजारी रामचरित्र गोस्वामी ने बताया कि दशकों पुराना यह मेला दीपावली के बाद कार्तिक अमावस्या के मंगलवार को पारंपरिक रूप से आयोजित होता है। बाबा से मांगी गई मन्नतें पूरी होने का विश्वास ही इस मेले की सबसे बड़ी पहचान है।मेला परिसर में धार्मिक पूजन के साथ-साथ प्रसाद, खिलौनों और स्थानीय उत्पादों की दुकानों पर भी रौनक रही।

आयोजन समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम में मंडल मंत्री तुलसीराम यादव, ग्राम प्रधान रामचंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान हैदरगंज थानाध्यक्ष ने संभाली। पुलिस बल की मुस्तैदी से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र यादव ने कहा  पल्टूबीर बाबा की यह धरती लोक आस्था और जनभावनाओं का जीवंत प्रतीक है, जहां हर वर्ष श्रद्धा का सागर उमड़ता है।

छठ महापर्व को व्रती महिलाओं ने किया संपन्न 

अयोध्या:  सरयू नदी के किनारे घाटों पर  जल पुलिस की मौजूदगी में  छठ महापर्व को व्रती महिलाओं ने संपन्न किया है । अयोध्या सरयू नदी के तट पर जहां पर प्रशासन ने छठ पर्व पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे ।  वही सरयू नदी में जल पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैदी से लगे दिखाई दिए। सोमवार की रात्रि से  मंगलवार की सुबह 11:00 बजे तक जल पुलिस के जवान छठ महापर्व को संपन्न करने के लिए नदी के घाटों पर बेरिकेटिंग के पास अपनी नाव से सुरक्षा व्यवस्था में लगे दिखाई दिए। जल पुलिस के प्रभारी दुबे प्रताप मौर्य, नित्यानंद यादव, सुरेंद्र यादव, लालमणि, पुष्कर बाबू, रितुराज, सहित जवान नदी में बनाए गए

बेरिकेटिंग पर खड़े होकर व्रती महिलाओं सुरक्षा के दिशा निर्देश देते  नजर आए । जिससे की सुरक्षा व्यवस्था के साथ  चार दिन तक चलने इस छठ महापर्व का व्रत संपन्न हो सके । वही मौके पर जल पुलिस के साथ गोताखोरों की टीम भी नदी के किनारे सुरक्षा में खड़ी रही । सरयू नदी के घाट पर भारी भीड़ होने के बावजूद भी जल पुलिस के जवानों ने नदी में ही सुरक्षा की लकीर बनाते हुए छठ महापर्व को आखिर में सकुशल संपन्न कर दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.