
31 अगस्त तक निर्माणकार्य पूरा करने के दिये निर्देश
लखनऊ : जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने मंगलवार को केजीएमयू के लिंब सेंटर में निर्माणाधीन अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्माणकार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में विलंब नहीं होना चाहिए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए।
अभिषेक प्रकाश ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह के धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसी बाबत उन्होंने बताया कि 1 करोड़ रुपए निर्माण कार्य के लिए मंजूर किया गया है। साथ ही केजीएमयू के अधीक्षक को निर्देश दिए कि जहां-जहां निर्माण कार्य पूरा हो चुका है वहां की साफ-सफाई करवा दी जाए और सभी चिकित्सकीय उपकरणों का इंस्टॉलेशन 31 अगस्त तक पूरा कर लिया जाए और एयर कंडीशनर भी 5 सितंबर तक इंस्टॉल कर दिये जाए।
उन्होंने बताया कि 300 बेड और 40 वेंटिलेटर की क्षमता वाला यह अस्पताल जल्द ही कोविड मरीजो के लिए शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने जनरल वार्ड, गंभीर रोगी कक्ष, वीआईपी वार्ड व अन्य कक्षों का जायजा लिया तथा निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी के साथ उपजिलाधिकारी ज्योत्सना यादव, केजीएमयू के अधिकारीगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं चिकित्साधिकारी मौके पर मौजूद रहे।