diwali horizontal

कुशीनगर: डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने शिक्षा विभाग की योजनाओं को लेकर कड़े तेवर दिखाए, बैंकर्स को लगाई फटकार

0 75

कुशीनगर में बेसिक शिक्षा की समीक्षा बैठक, डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने डीबीटी और निर्माण कार्यों में देरी पर जताई सख्त नाराजगी

पडरौना (कुशीनगर): कुशीनगर जनपद में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग एवं जिला अनुश्रवण समिति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएम ने डीबीटी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और निर्माणाधीन स्कूल भवनों की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

डीबीटी भुगतान में लापरवाही पर नाराजगी
समीक्षा में सामने आया कि तकनीकी कारणों से 7570 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में अभी तक डीबीटी की धनराशि नहीं पहुंच सकी है। डीएम ने एलडीएम के नेतृत्व में बैंकर्स की भूमिका पर सवाल उठाते हुए योजनाओं की खराब प्रगति पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि बैंक स्तर पर लंबित सभी प्रकरणों की एक अलग बुकलेट तैयार कर प्रस्तुत की जाए और इस संबंध में बैंकर्स के साथ अलग से समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

कस्तूरबा विद्यालयों में सुरक्षा और आरटीई पर विशेष निर्देश
जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एक पुरुष एवं एक महिला होमगार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा गार्डों की उपस्थिति पंजिका की नियमित जांच के आदेश भी दिए गए।
इसके अलावा शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में पात्र बच्चों के नामांकन को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि आरटीई आवेदन निरस्त होने के कारणों को मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

निर्माणाधीन विद्यालय और प्रोजेक्ट अलंकार की समीक्षा
प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों, खेल मैदान, बाउंड्रीवाल और भूमि उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने विद्यालय प्रबंधकों के साथ अलग से बैठक बुलाने के निर्देश दिए ताकि निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं का समाधान किया जा सके।

पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत अब तक 193 पंजीकरण किए जा चुके हैं। डीएम ने इस संख्या को बढ़ाने के लिए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.