diwali horizontal

परिक्रमा मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

अयोध्या Live 16/10/25

0 57

परिक्रमा मार्ग का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

मोदहा क्रॉसिंग से लेकर हनुमानगढ़ी तक देखा गया कार्य, लोकप्रिय हॉस्पिटल तक मार्ग दुरुस्त करने के सख्त निर्देश
अयोध्या :दीपोत्सव और आगामी 14 कोसी परिक्रमा को लेकर अयोध्या प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण की शुरुआत जनौरा, रामनगर चौराहा से हुई और सहादतगंज होते हुए हनुमानगढ़ी तक मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मोदहा क्रॉसिंग के पास चल रहे निर्माणाधीन कार्य का अवलोकन किया और इसे परिक्रमा से पूर्व हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्था को दिए।

लोकप्रिय हॉस्पिटल तक मार्ग को करें दुरुस्त

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए परिक्रमा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मोदहा क्रॉसिंग से लोकप्रिय हॉस्पिटल तक के मार्ग को तत्काल सही कराने के निर्देश सेतु निगम के अधिकारियों को दिए गए हैं।
अधिकारियों को दी चेतावनी, समय पर पूर्ण हों कार्य
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिक्रमा और दीपोत्सव जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए सभी कार्य समयसीमा के भीतर पूरे हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
कार्यदायी संस्थाओं की उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। डीएम और एसएसपी ने उन्हें साफ शब्दों में चेताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही नहीं चलने दी जाएगी।

सिने जगत की अनमोल विरासतों का तर्पण 

अयोध्या: शहर के कोहिनूर पैलेस में चल रहे नारायण दास खत्री मेमोरियल ट्रस्ट 16वें फैजाबाद पुस्तक मेला के पांचवें दिन की संध्या साहित्य व फिल्मी दुनिया का अनूठा संगम व अनछुए संस्मरण उपस्थित दर्शकों श्रोताओं के लिए स्वर्णिम पल बन गया जब युवा कवि यतींद्र मिश्र ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से समां बांधते हुए साहित्य दर्शन तथा बॉलीवुड का समाज पर प्रभाव जैसे अहम बिंदुओं पर भी प्रकाश डाला, साहित्य जगत के लोकप्रिय कवि रहे स्वर्गीय गोपालदास नीरज, तथा बॉलीवुड के पहले शोमैन कहे जाने वाली स्वर्गीय राज कपूर और समाज की सच्चाई को  फिल्मी पर्दे पर प्रस्तुत करने में महारत हासिल रखने वाले प्रख्यात डायरेक्टर व एक्टर स्वर्गीय गुरुदत्त साहब की जीवनी पर विस्तृत चर्चा परिचर्चा करते हुए उनको नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित किया, पुस्तक मेले में उपस्थित साहित्य प्रेमी व श्रोताओं ने अपने गृह जनपद अयोध्या के ही युवा साहित्यकार व कवि यतींद्र मिश्रा को देखने व सुनने के इस अवसर को हाथों से नहीं जाने दिया, युवा कवि के साथ हुई इस कार्यक्रम में आकाशवाणी लखनऊ की रमा  तथा वाराणसी के अतुल भटनागर ने शानदार प्रस्तुति दी, युवा कवि यतींद्र मिश्र ने अपने गृह जनपद अयोध्या में ऐसे भव्य आयोजन कराए जाने के लिए पूर्व सांसद डॉक्टर निर्मल खत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसी भी भाषा को सदियों तक जीवित रखना है तो ऐसे साहित्यिक आयोजन होते रहने चाहिए जिससे दर्शन व श्रोता अपनी भाषा के प्रति जुड़ाव महसूस करते हुए साहित्य में अपना योगदान करते रहें युवा कवि यतींद्र मिश्र ने पुस्तक मेले में आई साहित्य प्रेमियों की भीड़ से गदगद होकर पुस्तक मेले में घूम घूम कर स्टालों पर लगी किताबें को देखा और कार्यक्रम में लगे सभी कर्मचारियों से मुलाकात कर ऐसे भव्य आयोजन के लिए पुस्तक मेला प्रभारी रीता खत्री आयोजक मंडल को धन्यवाद दिया।

नारायण दास खत्री मेमोरियल ट्रस्ट के पोस्टर प्रतियोगिता आयोजन में18 शिक्षण संस्थानों के कक्षा 9 से कक्षा 12 तक के छात्रों ने प्रतिभाग करते हुए नशा मजा या सजा, जल ही जीवन है आदि विभिन्न माध्यमों से अपनी शैक्षणिक योग्यता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सचिव डॉ निर्मल खत्री ने प्रतिष्ठित प्रकाशनों के स्टालों का अवलोकन किया और सिने जगत की अनमोल विरासत को श्रद्धांजलि देते हुए साहित्यकार यतीन्द्र मिश्र व आकाशवाणी लखनऊ का आभार व्यक्त किया एवं अध्यक्षा कुसुम मित्तल ने पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र/छात्राओं का उत्साह वर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रीता खत्री, प्रोफेसर ए के मित्तल वाराणसी, प्रोफेसर डॉ अतुल भटनागर, राजकुमार खत्री, मुकेश पटेल, डॉ अतुल वर्मा, डॉ रजनीश वर्मा, प्रोफेसर स्वाती मित्तल, निथीस वर्मा, ज्ञान मोटवानी सहित  पूर्व मंत्री तेज नारायण पाण्डेय, राजेन्द्र प्रताप सिंह, उग्रसेन मिश्र, चेतनारायण सिंह मौजूद रहे।

 

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने किए रामलला व हनुमानगढ़ी के दर्शन

 

अयोध्या: गुरुवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीरामलला के दरबार मंं हाजिरी लगाई और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के दर्शन कर देश-प्रदेश की शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर संकटमोचक बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।अयोध्या आगमन पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का एयरपोर्ट पर नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री साहा ने अयोध्या के तीर्थक्षेत्र के बदलते स्वरूप और तीव्र विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या आज एक नए, भव्य और दिव्य स्वरूप में विश्व पटल पर उभर रही है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है,

बल्कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर का पुनर्जागरण भी है।
नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री माणिक साहा का अयोध्या आगमन हम सभी के लिए गौरव का विषय है। अयोध्या आज विश्व के आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो रही है और यह श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
ट्रांसफार्मर पर लगेगी जाली, हटेगा जर्जर शौचालय
 मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर देवकली वार्ड में नगर की सरकार आपके द्वार महापौर व नगर आयुक्त का सफाई एवं पेयजल व्यवस्था पर रहा फोकस

 

ट्रांसफार्मर पर लगेगी जाली, हटेगा जर्जर शौचालय;

 मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर देवकली वार्ड में नगर की सरकार आपके द्वार महापौर व नगर आयुक्त का सफाई एवं पेयजल व्यवस्था पर रहा फोकस 

अयोध्या: सुबह के 7:15 बजे थे। पार्षद अनुज दास, अपर नगर आयुक्त डॉ नागेंद्र नाथ एवं भरत भार्गव के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मातगैंड़ चौराहे पर इकट्ठा थी। इसी बीच महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार  पहुंचे और औपचारिक बातचीत के बाद शुरू हुआ निरीक्षण का सिलसिला। दीपोत्सव के मद्देनजर मद्देनजर इसी वार्ड से होकर 19 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का योगी आदित्यनाथजी का आवागमन होना है।
तिराहे पर खड़े श्रमिकों से महापौर ने बातचीत की और उनसे पेयजल सुविधा एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर जानकारी प्राप्त की। इसके बाद गली की ओर बढ़े तो सामने ट्रांसफार्मर को देखकर उन्होंने जाली लगवाने का निर्देश दिया।
 थोड़ा आगे बढ़ने पर उन्होंने शौचालय का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था पर संतोष जताया और इसे निरंतर मेंटेन रखने की हिदायत दी। थोड़ा आगे नाली की सफाई चल रही थी। महापौर ने नाली के अंतिम छोर तक सफाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने बकरी पालक संदीप को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। यहां पेयजल की गुणवत्ता की जांच की गई तो पीएच मान 7.25, टीडीएस 550, पीपीएम 0.7  पाया गया, जो जल जनित रोगों से बचाव में सक्षम होता है।

 

उन्होंने पंचमुखी मंगलेश्वरनाथ महादेव के पास लटके तार हटाने तथा निर्माण से बचे हुए मलवे को हटाने का निर्देश दिया। दुर्गा मंदिर की सफाई पर ध्यान देने की बात कही। झुनकीघाट की तरफ बढ़ने पर बिजली के खंभे पर लगे पॉलिथीन तथा जर्जर पुराना शौचालय का ढ़ांचा हटवाने का निर्देश दिया। अयोध्या विकास प्राधिकरण ने इस जर्जर शौचालय के बगल नया निर्माण करवाया है। सरयू तट स्थित श्रीकंचनभवन के सामने काफिला पहुंचा तो वहां सफाई व्यवस्था को और सुधार करने तथा रास्ते की मरम्मत करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने निरमोचन घाट के सामने निर्माणाधीन सड़क के किनारे बिखरी गिट्टी को सही कर फुटपाथ को पैदल चलने लायक बनाने का निर्देश दिया। नगर निगम की जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि कंधरापुर मोहल्ला की मलिन बस्ती का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और छतिग्रस्त पाइपलाइन को बदलने का निर्देश दिया। भ्रमण के अंत में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र ने भी भागीदारी की। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जोनल अधिकारी अशोक गुप्त, सहायक अभियंता निर्माण भारत सिंह वर्मा, सहायक अभियंता जलकर जयकुमार आदि मौजूद थे।

दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की सेहत पर प्रशासन की पैनी नजर, 8 टीमें तैनात: 54 निरीक्षण और 34 छापों में 33 लाख की सामग्री बरामद

अयोध्या :  दीपोत्सव 2025 को लेकर अयोध्या में प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर चौकसी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की निगरानी में कुल 8 टीमें गठित की गई हैं, जो शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक निगरानी का जिम्मा संभाले हुए हैं।पांचों तहसीलों में 5 एसडीएम, नगर क्षेत्र में 2 सिटी मजिस्ट्रेट और जिला मुख्यालय पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मानिक चंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम तैनात की गई है।
54 निरीक्षण, 34 छापे, 76 नमूने लिए

 

दीपोत्सव से पहले जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान में अब तक कुल 54 स्थानों पर निरीक्षण किया गया है, वहीं 34 जगहों पर छापेमारी भी हुई है। इस दौरान खाद्य सामग्री के 76 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।33 लाख की सामग्री जब्त, 167 किलो नष्ट
खाद्य विभाग ने अब तक 19,657 किलो खाद्य सामग्री बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत 33 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। इनमें से 167 किलो खाद्य सामग्री मानकों पर खरा न उतरने के चलते मौके पर ही नष्ट कर दी गई, जिसकी कीमत 35 हजार रुपये आंकी गई।अन्य जिलों से भी आईं टीमें, 19-20 अक्तूबर को विशेष जांच अभियान
श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए प्रदेश के अन्य जिलों से भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती अयोध्या में की गई है। ये टीमें 19 और 20 अक्तूबर को विभिन्न स्थलों पर जाकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करेंगी।
सख्ती और समझदारी दोनों का संतुलन
जिलाधिकारी फुंडे ने कहा कि दीपोत्सव में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सेहत से कोई समझौता नहीं होगा। इसलिए एक ओर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को भी साफ-सफाई और खाद्य शुद्धता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

कर्मचारी परिषद ने प्राचार्य का भव्य स्वागत कर दी बधाई

अयोध्या: पूर्वांचल के प्रतिष्ठित साकेत महाविद्यालय के प्राचार्य, सफल प्रशासक कर्मचारियों के बीच में मनमोहक बने प्रो दानपति तिवारी का प्राचार्य पद पर एक वर्ष पूर्ण होने पर कर्मचारी नेता बसंत राम पूर्व अध्यक्ष एवं जिला उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश कर्मचारी परिषद व  कार्यालय अधीक्षक नंदकिशोर पाठक लेखाकार भूपेश्वर गुप्ता वरर्स संजय श्रीवास्तव स्थापना इंचार्ज प्रदीप श्रीवास्तव व पूर्व महामंत्री कमलदेव यादव के नेतृत्व में समस्त कर्मचारियों ने माला पहनाकर एवं अंग वस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया साथ ही सभी कर्मचारियों ने प्राचार्य का मुंह मीठा करा कर बधाइयां दी और प्राचार्य जी का आशीर्वाद लिया और कर्मचारियों ने आपस में सबको मिठाई खिलाई और खुशियां जाहिर की यह विभोर प्यार देखकर प्राचार्य जी भावुक होकर कहा कर्मचारी हमारे अंग है

 

महाविद्यालय में शिक्षक हो या कर्मचारी सब हमारे परिवार के अंग है और मैं सदैव कर्मचारियों के हित में रहूंगा सम्मान करने में रामकरण यादव चंद्र प्रकाश सिंह पवन यादव इंद्रजीत दयाराम यादव वीरेंद्र काशीनाथ सुरेंद्र कुमार मनोज त्रिपाठी अजय पांडे राम अनुज सिंह अजय शुक्ला अखिलेश कुमार रविंद्र पांडे राजू कुमार घनश्याम यादव धर्मेंद्र यादव अखंड यादव संजय प्रजापति राकेश यादव सुशील मिश्रा ज्ञान गुप्ता गुलाबचंद गुप्ता रामफूल अखिलेश सिंह आदर्श कुमार सिद्धांत यादव राकेश श्रीवास्तव राजेश मिश्रा राम बहादुर आशीष श्रीवास्तव सुशांत यादव आदि कर्मचारी रहे।

दीपोत्सव से रोशन हुए कुम्हारों के घर, अयोध्या में युवाओं को मिल रहा रोजगार

अयोध्या के कुम्हारों के जीवन में ‘दीप’ जला रही सरकार
26 लाख 11 हजार 101 दीप जलाकर अयोध्या रचेगी नया कीर्तिमान
जय प्रकाश गुप्ता
अयोध्या: दीपोत्सव शुरू होने के बाद से अयोध्या के कुम्हार परिवारों के घरों में खुशहाली का उजाला फैल गया है। जो युवा कभी काम की तलाश में बाहर जाते थे, वे अब अपनी ही धरती पर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। योगी सरकार के प्रयासों से शुरू हुए दीपोत्सव ने न केवल अयोध्या की अर्थव्यवस्था को बल दिया है बल्कि पारंपरिक मिट्टी कला को भी नई पहचान दी है।
नौवें दीपोत्सव में इस बार 26 लाख 11 हजार 101 दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपोत्सव की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। अवध विश्वविद्यालय के छात्र, अधिकारी और स्वयंसेवी संगठन भी इस महाउत्सव को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं।
जयसिंहपुर गांव के बृज किशोर प्रजापति बताते हैं कि जबसे दीपोत्सव मनाया जा रहा है, तब से वे और उनका परिवार लगातार दीए बना रहे हैं। इस बार उन्हें दो लाख दीए बनाने का ऑर्डर मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव की परंपरा शुरू कर हमारे जैसे ।
पुराने ढर्रे को छोड़कर अब कुम्हार आधुनिक इलेक्ट्रिक चाक का इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे न केवल उत्पादन में तेजी आई है बल्कि दीयों की गुणवत्ता भी बेहतर हुई है। जयसिंहपुर गांव के करीब 40 से अधिक कुम्हार परिवार दीपोत्सव के लिए दिन-रात मिट्टी के दीए बनाने में जुटे हैं।
2017 से पहले ये कुम्हार रोजी-रोटी के लिए संघर्ष करते थे। दीपोत्सव शुरू होने के बाद उनका जीवन पूरी तरह बदल गया है। पहले जहां ये परिवार महीने में 20 से 25 हजार रुपये कमाते थे, वहीं अब दीपोत्सव के दौरान ही लाखों रुपये की आमदनी हो जाती है।
सोहावल की पिंकी प्रजापति बताती हैं कि इस बार उन्हें एक लाख दीए बनाने का ऑर्डर मिला है। उन्होंने कहा, पहले दीपावली के समय दीए सस्ते बिकते थे, अब सरकार के आह्वान से बाजार में अच्छा रेट मिल रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपोत्सव में मिट्टी के दीयों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे स्थानीय कुम्हारों को बड़े स्तर पर ऑर्डर मिल रहे हैं। जयसिंहपुर, विद्याकुण्ड, सोहावल और आसपास के गांवों में इस समय उत्सव जैसा माहौल है। अयोध्या के स्थानीय निवासी रामभवन प्रजापति, गुड्डू प्रजापति, राजू प्रजापति, जगन्नाथ प्रजापति, राम भवन प्रजापति, सुनील प्रजापति और संतोष प्रजापति समेत यहां सैकड़ों की संख्या में पूरा परिवार मिट्टी गूंथने, आकार देने और दीयों को सुखाने-बेचने में जुटा है।
जानिए, कब कितने दीप जले
 वर्ष                जले दीप
2017             1.71 लाख
2018             3.01 लाख
2019             4.04 लाख
2020             6.06 लाख
2021             9.41 लाख
2022           15.76 लाख
2023           22.23 लाख
2024                25.12 लाख।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.