
लोहिया संस्थान में है 150 डॉक्टर रोजाना आते हैं 2200 के करीब मरीज
लखनऊ : गोमतीनगर स्थित लोहिया संस्थान के डॉक्टर शनिवार को एक घंटा कार्यबहिष्कार करेंगे। 9 से दस बजे तक कार्य ठप रहेगा। शिक्षण कार्य भी नहीं होगा। सोमवार से दो घंटे कार्यबहिष्कार की र्तैयारी है पीजीआई के समान वेतन न मिलने पर डॉक्टरों का गुस्सा भड़क उठा है। अब डॉक्टरों ने उग्र प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह फैसला गुरुवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के फैकल्टी एसोसिएशन की आम सभा में पदाधिकारियों ने लिया। इससे पहले डॉक्टरों ने संस्थान की निदेशक और वित्त अधिकारी का घेराव कर ज्ञापन सौंपा। कार्यबहिष्कार से मरीजों का इलाज प्रभावित होगा।
प्रशासनिक भवन में अफसरों को घेरा
शाम करीब चार बजे संस्थान के सभी डॉक्टर प्रशासनिक भवन में जुटे। पीजीआई डॉक्टरों के बराबर वेतन की मांग को लेकर वित्त अधिकारी मुकेश जैन के कक्ष में पहुंचे। वित्त अधिकारी का घेराव किया। मांग का ज्ञापन सौंपा। इसके बाद नाराज डॉक्टर संस्थान की निदेशक डॉ. सोनिया नित्यानंद के कमरे में पहुंचे। निदेशक का घेराव किया। काफी समझाने के बाद डॉक्टरों का गुस्सा शांत हुआ।