
आगरा : प्रदेश की रोडवेज बसों में अब अचानक आपकों ई टिकट मिलने लग जाए तो चौंकिएगा नहीं। अब जल्द ही प्रदेश के सभी डिपो की बसों में ई टिकट मिलनी शुरू हो जाएंगी। कंडक्टर से खुले पैसों की भूलचूक से यात्रियों को निजात मिल सकेगी योगी सरकार ने प्रदेश की बसों को और भी हाईटेक बनाने का निर्णय लिया है। मौजूदा समय में पहले की तरह अब सफर के दौरान आपको जेब में पैसे लेकर चलने की जरूरत से छुटकारा मिलने वाला है। डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भी रोडवेज की बसों के किराये का आनलाइन भुगतान हो जाएगा।
यात्रियों की सहूलियत के लिए परिवहन निगम कैशलेस व्यवस्था शुरू करने की योजना तैयार की है। इसके लिए परिचालकों को एंड्रायड ई टिकट मशीनें दी जाएंगी। मशीनों के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
एंड्रायड ई टिकट मशीनों से किराये का आनलाइन भुगतान तो होगा ही, पलक झपकते टिकट भी बुक हो जाएगा। मैनुअल टिकट से मुक्ति मिलेगी। हालांकि, परिचालक इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन लेकर ही चलते हैं, लेकिन 70 से 80 फीसद मशीनें खराब हो गई हैं।
मशीनों की मरम्मत करने वाली संस्था फरार हो गई है। ऐसे में परिचालकों और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। परिचालकों को मैनुअल टिकट बनाना पड़ रहा है। इसके चलते अक्सर बसें लेट हो जाती हैं।इस सन्दर्भ में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबन्धक मनोज कुमार पुंढीर ने बताया कि इस ई टिकट प्रणाली का गाजियाबाद और लखनऊ में परीक्षण किया गया है। इसके लिए मुंबई की कम्पनी से करार भी हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही प्रदेश के सभी डिपो के साथ यहां भी शुरू की जाएगी।