
लखनऊ : टीवी कलाकार अनुपम श्याम ओझा ने मुश्किल समय में आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देते हुए अस्पताल से एक भावुक पत्र लिखा है। अपनी चिट्ठी में अभिनेता ने इलाज में सरकार की तरफ से मिली मदद के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है। ओझा ने कहा कि आपकी मदद के कारण मेरा स्वास्थ्य तेजी से सुधर रहा है। अभी मेरी डायलिसिस चल रही है। पूरी तरह से स्वस्थ होने पर मैं आपसे मुलाकात करूंगा। अभिनेता ने यूपी में फिल्म सिटी निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है। ओझा ने कहा इस खबर से मुझमें एक नया संचार हुआ है।

बता दें कि टीवी के लोकप्रिय सीरियल ‘प्रतिज्ञा’ में सज्जन सिंह का यादगार किरदार निभाने वाले अनुपम ओझा काफी समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है हाल ही में उनकी हालत बेहद नाजुक हो गयी थी। आर्थिक तंगी के चलते उनके इलाज में मुश्किल आ रही थी। सबसे पहले अभिनेता अक्षय कुमार और सोनू सूद ने अनुपम श्याम ओझा की मदद के लिए आगे आए थे। 31 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अनुपम श्याम ओझा के लिए इलाज के लिए 20 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी थी।