
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, पट्टी कला ओवरब्रिज पर बाइक सवार युवक की मौत
अहरौरा (मिर्जापुर): वाराणसी–शक्तिनगर मार्ग पर स्थित पट्टी कला ओवरब्रिज पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय चौहान (पुत्र श्री राम), निवासी लतीफपुर हिनौंता के रूप में हुई है। वह हिनौंता लतीफपुर गेट पर ढाबा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजय अपने ढाबे से किसी आवश्यक कार्य से अहरौरा बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह पट्टी कला ओवरब्रिज पर पहुंचे, सोनभद्र की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने पट्टी कला ओवरब्रिज पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
