
प्रथम गतका गोल्ड कप स्टेट चैम्पियनशिप सम्पन्न, बुलंदशहर बना चैम्पियन
लखनऊ: पारंपरिक सिख मार्शल आर्ट ‘गतका’ को प्रदेश भर में लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से लखनऊ के चौक स्थित जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में 24 और 25 मई को प्रथम गतका गोल्ड कप स्टेट चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता लखनऊ गतका एसोसिएशन और गतका एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संयुक्त प्रयास से सम्पन्न हुई।मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति बचपन से ही जागरूकता बच्चों में न केवल शारीरिक स्फूर्ति लाती है, बल्कि आत्मरक्षा और आत्मविश्वास का भी विकास करती है। उन्होंने गुरुओं को स्मरण करते हुए गतका जैसे परंपरागत खेल के प्रचार-प्रसार पर विशेष बल दिया और कहा कि यह कार्य गतका एसोसिएशन सराहनीय रूप से कर रही है।प्रतियोगिता में प्रदेश के 30 जिलों से आए लगभग 275 खिलाड़ियों और 50 से अधिक रेफरी ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बुलंदशहर की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, वाराणसी द्वितीय स्थान पर रही और मैनपुरी ने तृतीय स्थान हासिल किया।गतका एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सभी जिलों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से पदकों की उम्मीद की जा सकती है। महासचिव स्निग्धा सिंह ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और अतिथियों का आभार जताया।इस आयोजन में गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेशनल कोऑर्डिनेटर दिलीप सिंह सहित हरकेश सिंह, करुणेश मणि पाठक, पुनीत मनीषी, प्रेम सिंह, गौरव राजपूत, रोहित पाल, इमरान खान, वीर सिंह, राम सिंह, जसलीन कौर, अवनीश गौतम और संजीवन आदि ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
