
पंजाब के पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, ऑनलाइन फ्रॉड का जिक्र करता 12 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
पंजाब के पूर्व IG अमर सिंह चहल ने खुद को मारी गोली, ऑनलाइन फ्रॉड का जिक्र करता 12 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
पटियाला: पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त आईजी (IG) और पूर्व आईपीएस अधिकारी अमर सिंह चहल ने सोमवार को पटियाला स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां अमर सिंह चहल खून से लथपथ अवस्था में पाए गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
सुसाइड नोट में ऑनलाइन फ्रॉड और मानसिक पीड़ा का जिक्र
पुलिस को घटनास्थल से 12 पन्नों का एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, इस नोट में अमर सिंह चहल ने अपनी मानसिक पीड़ा और आर्थिक संकट का विस्तार से उल्लेख किया है।
सुसाइड नोट में एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड (साइबर ठगी) का जिक्र किया गया है, जिसमें उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी धोखाधड़ी और उससे जुड़ी परेशानियों के चलते वह लंबे समय से तनाव में थे।
विवादों से भी रहा है नाता
पूर्व आईजी अमर सिंह चहल का नाम पंजाब के चर्चित 2015 फरीदकोट (बहबल कलां और कोटकपूरा) गोलीकांड से भी जुड़ा रहा है। इस मामले में पंजाब पुलिस की एसआईटी ने वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें अमर सिंह चहल का नाम भी शामिल था।
पुलिस जांच में जुटी
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, विशेषकर सुसाइड नोट में उल्लेखित ऑनलाइन फ्रॉड के आरोपों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
