
लखनऊ: टाउनशिप में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में शाइन सिटी निदेशकों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। गोंडा कूकनगर निवासी दिनेश मौर्या ने बताया कि 2019 में विपुलखंड स्थित शाइन सिटी के एजेंट ने रियल एस्टेट कंपनी की तरफ से जमीन व ज्वैलरी स्कीम में निवेश की जानकारी दी थी। एजेंट के कहने पर निदेशक आसिफ और राशिद नसीम से मुलाकात करने के बाद नौ लाख 21 हजार रुपये का निवेश किया था। लेकिन उन्हें मुनाफे की रकम नहीं मिली। जिसकी एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव से शिकायत की। एसीपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्टमर केयर अधिकारी बन साइब ठगी
इंटरनेट से कस्टमर केयर का नंबर तलाश मदद मांगने वाले दो लोगों से सवा लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़ितों ने पीजीआइ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। हैवतमऊ मवैया के दिनेश कुमार के मुताबिक, 8 नवंबर को गूगल से एमेजन प्राइम वीडियो का कस्टमर केयर नंबर खोजकर फोन किया था। कस्टमर केयर कर्मी बन बात करने वाले व्यक्ति ने मोबाइल पर एक लिंक भेजा । जिसे खाेलते ही उनके खाते से दो बार में करीब एक लाख रुपये कट गए। दूसरी रफ वृंदावन योजना निवासी कमला गुप्ता के खाते से ठगों ने करीब बीस हजार रुपये खाते की जानकारी लेकर निकाल लिए।