
पेट्रोल पंप में हिस्सेदारी का झांसा देकर 54 लाख की ठगी, जानकीपुरम पुलिस ने आरोपी को दबोचा
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप की साझेदारी दिलाने के नाम पर करोड़ों का फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला उस समय सामने आया जब पीड़िता सुलक्षणा मिश्रा ने थाना जानकीपुरम में तहरीर दी कि आरोपी राम नारायण त्रिवेदी ने उन्हें और उनके पति को भारत पेट्रोलियम कंपनी लिमिटेड के पेट्रोल-डीजल पंप के लाइसेंस में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में 54 लाख रुपये हड़प लिए। जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत किया और विवेचना के दौरान पर्याप्त सबूत मिलने पर मामले में गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की। जांच आगे बढ़ाते हुए थाना जानकीपुरम पुलिस की टीम ने उ0नि0 हेमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दबिश दी और आरोपी राम नारायण त्रिवेदी को सीतापुर के विजयलक्ष्मी नगर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राम नारायण त्रिवेदी उम्र 63 वर्ष, मूल रूप से सीतापुर जिले के अढावल खुर्द, मजलिसपुर का रहने वाला है और वर्तमान में विजयलक्ष्मी नगर, सीतापुर में रहता था।जानकीपुरम पुलिस के अनुसार आरोपी ने पेट्रोल पंप के लाइसेंस में हिस्सेदारी दिलाने के नाम पर पीड़ित परिवार से धोखाधड़ी की और रकम हड़प ली। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 108/2025 धारा 351(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2)a बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में व0उ0नि0 जितेन्द्र कुमार वर्मा, उ0नि0 हेमेन्द्र सिंह, म0उ0नि0 सुश्री शिवानी वर्मा और का0 गोविंद सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों से धोखाधड़ी करने वाले इस तरह के मामलों में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिसकी जांच जारी है।
