
लखनऊ के मड़ियांव में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार, लगभग चार किलो गांजा और 70 हजार से अधिक नकद बरामद
लखनऊ के मड़ियांव में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, तीन तस्कर गिरफ्तार, लगभग चार किलो गांजा और 70 हजार से अधिक नकद बरामद
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियांव थाना पुलिस और अपराध शाखा को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को मड़ियांव थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास एक संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3.980 किलोग्राम अवैध गांजा, 70,190 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया गया।गिरफ्तारी से पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि 24 जून को गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के तीन अन्य साथी चैतन्य कोचिंग के सामने पार्क में नीले रंग के ई-रिक्शा में बैठे हुए हैं। वे ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं और उनके पास अवैध गांजा भी है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हिकमत अमली से तीनों संदिग्धों को दबोच लियागिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बबलू अवस्थी, विनय तिवारी और सतीश कुमार सिंह के रूप में हुई है। बबलू अवस्थी मूल रूप से हरदोई जनपद के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नई गढ़ी का निवासी है, जो वर्तमान में लखनऊ के फैजुल्लागंज क्षेत्र में रहता है और रिक्शा चलाता है। दूसरा आरोपी विनय तिवारी कसाईबाड़ा, नौबस्ता, मड़ियांव का निवासी है और चाय की दुकान चलाता है। तीसरा आरोपी सतीश कुमार सिंह भी फैजुल्लागंज का रहने वाला है और रिक्शा चालक के रूप में कार्य करता है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सस्ते दामों में गांजा खरीदकर लखनऊ शहर में अलग-अलग स्थानों पर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इससे उन्हें कम समय में अधिक मुनाफा होता था, जिससे वे अपने खर्चे चलाते थे। गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से 50 पुड़ियों और तीन पैकेट में कुल 3.980 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। साथ ही ₹70,190 नकद और ई-रिक्शा भी जब्त किया गया, जिसका इस्तेमाल वे गांजा की डिलीवरी के लिए करते थे।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मड़ियांव थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी और तलाशी की प्रक्रिया के दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन किया गया। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों और थानों से भी जुटा रही है।इस पूरी कार्रवाई में थाना मड़ियांव और अपराध शाखा की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही। टीम में उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, शुभम तिवारी, अखिलेश सिंह सहित कई आरक्षी शामिल थे, वहीं अपराध शाखा से उपनिरीक्षक आशुतोष पांडेय, प्रकाश सिंह और आठ अन्य हेड कांस्टेबलों ने अभियान को सफल बनाया।पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर लगाम कसने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। मड़ियांव थाना क्षेत्र में लगातार हो रही तस्करी की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय पुलिस अब और सतर्कता बरत रही है।
