diwali horizontal

2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसो, भाजपा से मुकाबले को तैयार रहे कार्यकर्ता: अखिलेश यादव

0 82

2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसो, भाजपा से मुकाबले को तैयार रहे कार्यकर्ता: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे चुनाव की तैयारी में कोई कमी न छोड़ें। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को “बेईमान और धोखेबाज” करार देते हुए कहा कि भाजपा चुनावों में धांधली करती है और निर्वाचन आयोग को निष्पक्षता से अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उपमुख्यमंत्री पर निर्दोषों को झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार फर्जी केसों के ज़रिए लोगों को प्रताड़ित कर रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि समाजवादी पार्टी भाजपा के जुल्म और अत्याचार के खिलाफ सबसे मुखर आवाज़ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों, किसानों, नौजवानों और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ खड़ी है, जबकि भाजपा इन्हीं वर्गों के साथ सबसे अधिक भेदभाव करती है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है, और पीडीए की एकता से घबराकर वह दमन पर उतर आई है।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि न तो केंद्र और न ही प्रदेश की भाजपा सरकारों ने अपने कार्यकाल में कोई उल्लेखनीय कार्य किया है। “इन सरकारों ने सिर्फ नफरत फैलाने, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, अर्थव्यवस्था को तबाह करने और सरकारी संपत्तियाँ बेचने का काम किया है,” उन्होंने आरोप लगाया।जल जीवन मिशन को ‘भाजपा की लूट का मिशन’ बताते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बनी पानी की टंकियां गिर रही हैं, जो भ्रष्टाचार का प्रमाण हैं। “सरकार को जवाब देना चाहिए कि इन टंकियों की गुणवत्ता इतनी खराब क्यों है,” उन्होंने सवाल उठाया।बिजली संकट का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग 32 हजार मेगावाट तक पहुँच चुकी है, लेकिन सरकार गाँवों को बिजली देने में विफल रही है। शहरी क्षेत्रों में अघोषित कटौती चल रही है और जनता बिजली-पानी की भारी किल्लत से जूझ रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में कई पावर प्लांट शुरू किए गए थे और पाँच शहरों में मेट्रो रेल परियोजनाओं की शुरुआत हुई थी, जिन्हें भाजपा सरकार ने रोक दिया।अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अत्याचार से बेहद नाराज़ है और अब वह इसे और बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।इस अवसर पर पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, सांसद नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक शाहिर मंजूर, राममूर्ति वर्मा, अतुल प्रधान, प्रदीप यादव, पूर्व मंत्री डॉ. पीके राय, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल और विधायक आशु मलिक सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.