
वारंटी अभियुक्तों की धरपकड़ में गाजीपुर पुलिस को सफलता, दो आरोपित गिरफ्तार
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गाजीपुर पुलिस ने दो वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में लंबे समय से न्यायालय में अनुपस्थित चल रहे थे।गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम डी.के. सारस्वत पुत्र स्व. बंगाली का है, जो न्यू कॉलोनी एचएएल, थाना गाजीपुर का निवासी है और जिसकी उम्र लगभग 63 वर्ष बताई गई है। उस पर वर्ष 2014 में थाना गाजीपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 52/14, धारा 323, 504, 506 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला चल रहा था, जिसमें वह न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्लू) के बाद से फरार चल रहा था।दूसरा आरोपी काशीराम कश्यप पुत्र प्रकाश कश्यप, निवासी बरगंज चौराहा, मजरा आश्रम के पास, थाना इन्दिरानगर का रहने वाला है, जिसकी उम्र लगभग 25 वर्ष है। उसके विरुद्ध थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0 553/24, धारा 69/115(2)/356/78/351(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज था। पुलिस के अनुसार वह भी काफी समय से न्यायालय में अनुपस्थित चल रहा था।थाना गाजीपुर की पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को 29 जून को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही के तहत न्यायालय भेज दिया है। साथ ही, दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य जनपदों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आलोक शुक्ल, उपनिरीक्षक आशीष कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल यतेन्द्र कुमार और कांस्टेबल कुश प्रसाद शामिल रहे।गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को वांछित अपराधियों के विरुद्ध चल रहे अभियान की एक और अहम सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
