
गृहकर में 10% छूट पाने का सुनहरा अवसर: 12 जुलाई को अवकाश के बावजूद खुले रहेंगे नगर निगम कार्यालय
लखनऊ: करदाताओं की सुविधा और समय पर कर भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लखनऊ नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शनिवार, 12 जुलाई 2025 को सार्वजनिक अवकाश के बावजूद अपने सभी जोनल कार्यालय खुले रखने की घोषणा की है। इस विशेष व्यवस्था के तहत भवन स्वामी अपने गृहकर का भुगतान कर 10 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि यह छूट केवल उन्हीं करदाताओं को मिलेगी जो पहले अपना यूजर चार्ज एकमुश्त जमा करते हैं और उसके बाद गृहकर का भुगतान करते हैं। यह सुविधा 31 जुलाई 2025 तक के लिए सीमित है। इस छूट योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है।नगर निगम द्वारा 12 जुलाई को सभी जोनल कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। यह विशेष प्रबंध उन नागरिकों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जो सामान्य कार्यदिवसों में अपनी व्यस्त दिनचर्या के कारण कार्यालय जाकर कर भुगतान नहीं कर पाते।महापौर सुषमा खर्कवाल ने लखनऊवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम की इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान केवल करदाता को छूट का लाभ नहीं देता, बल्कि इससे नगर निगम को शहर में बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।नगर निगम ने नागरिकों से यह भी आग्रह किया है कि वे इस अवसर को गंभीरता से लें और अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लखनऊ को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने में सहयोग दें।
