
गोमतीनगर पुलिस की कार्रवाई, जान से मारने की कोशिश में शामिल तुषार यादव गिरफ्तार
लखनऊ: गोमतीनगर थाना पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तुषार यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर वादी संदीप प्रताप सिंह के साथ जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।जानकारी के अनुसार, 6 सितंबर 2025 को संदीप प्रताप सिंह निवासी राम आसरे पुरवा, गोमतीनगर ने थाना गोमतीनगर में तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया कि आरोपी और उसके साथी उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के साथ सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UP32MD-7377) उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास कर चुके हैं। मामले के आधार पर मुकदमा मु0अ0सं0 420/2025 दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक वेद प्रकाश दुबे द्वारा की जा रही थी।पुलिस ने बताया कि 24 अक्टूबर 2025 को उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय अपने हमराह का0 आकाश यादव और का0 अंकुर चौधरी के साथ अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में भ्रमणशील थे। मुखबिर की सटीक सूचना पर तुषार यादव पुत्र स्व0 कृष्ण मोहन यादव, निवासी छोटा भरवारा, थाना गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ, उम्र 23 वर्ष, को एलडीए मार्केट, विनयखण्ड स्थित बिस्मिल्ला बिरयानी दुकान के बाहर गिरफ्तार किया गया। यह वही स्थान था, जहां 5 सितंबर 2025 को आरोपी ने वादी पर हमला किया था।गिरफ्तार तुषार यादव के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस उसके अन्य अपराधों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शीघ्र ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय, का0 आकाश यादव और का0 अंकुर चौधरी शामिल थे। पुलिस ने कहा कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि राजधानी में कानून व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
