
कोरोना वायरस ने गोरखपुर जिले की दो पीढ़ियां खत्म

गोरखपुर : कोरोना वायरस ने गोरखपुर जिले के कई परिवारों को बर्बाद कर दिया है। दो पीढ़ियां खत्म हो गई हैं। कहीं बाप-बेटे तो कहीं मां, बेटी व पत्नी की मौत हुई है। ज्यादातर मौतें 20 अप्रैल से 15 मई के बीच हुई हैं। ब्रह्मपुर गांव की शशि दुबे के दो जवान बेटे काल के गाल में समा गए। सदमे में पति ने भी दम तोड़ दिया। इससे पहले बहू की मौत हुई थी। अब परिवार में सिर्फ शशि बची हैं। शशि कहती हैं कि कोरोना ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। अब जीने की इच्छा नहीं बची है। भगवान मुझे भी उठा लें। जानकारी के मुताबिक शाहपुर के शताब्दीपुरम कॉलोनी निवासी अजय जायसवाल (37) और पत्नी अंशिका (35) की एक दिन में ही मौत हुई थी। दोनों कोरोना संक्रमित थे। पति-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी और अंतिम संस्कार हुआ। डेढ़ साल के मासूम बेटे आनंद ने उन्हें मुखाग्नि दी तो सबकी आंखें नम हो गईं। अब छह साल की बेटी गुनगुन व डेढ़ साल के बेटे आनंद के सिर पर माता-पिता का साया नहीं है। कसिहार क्षेत्र के मझिगावा में पहले दीप नारायण शुक्ला की मौत हुई थी। पांचवें दिन ही पिता गजेंद्र नाथ शुक्ला ने भी दम तोड़ दिया। बड़हलगंज क्षेत्र में बुजुर्ग विजय नारायण (72) व उनकी पत्नी मुराती (70) की अर्थी एक साथ उठी थी। भरोहिया विकास खंड के फरदहनी गांव के राजकुमार वर्मा व उनके बड़े भाई दुर्गेश वर्मा की मौत भी हुई है। भटहट के मुड़िला गांव में अनिरुद्ध श्रीवास्तव व उनके बेटे अनिकेत श्रीवास्तव ने दम तोड़ा है।
कोरोना संक्रमित पादरीबाजार के जंगल सालिकराम की इंद्रावती देवी मौत एक मई को हुई थी। यह सदमा पति व रिटायर ग्राम विकास अधिकारी सुुुभाष पांडेय बर्दाश्त नहीं कर सके। पत्नी की अस्थि विसर्जित करने वाराणसी गए। वहां से लौटे तो तबीयत बिगड़ गई। परिजन अस्पताल ले जाने के प्रयास में थे कि सुभाष ने भी दम तोड़ दिया। इसी तरह पादरीबाजार के मोहनापुर के रामू निषाद (32) की 29 अप्रैल को कोरोना से मौत हो गई थी। उनके साथ ही पूरा परिवार भी कोरोना की चपेट में आ गया था। रामू की मौत के बाद मां परमी देवी (62) अवसाद में चली गईं। गत तीन मई को उन्होंने भी दम तोड़ दिया
पिता की मौत के तीन घंटे बाद बेटे ने भी तोड़ दिया दम

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दिल को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां कैंपियरगंज क्षेत्र के नवापार गांव में शनिवार रात तीन घंटे के अंतराल में पहले बाप और फिर बेटे की मौत से पूरा गांव गमगीन है। बेटा क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हुआ था। गांव में पंचायत चुनाव के बाद 20 से अधिक लोगों की मौत से लोग सहमे हुए हैं। गांव के कपिलदेव मिश्र (80) कुछ दिनों से बीमार थे। शनिवार रात 10 बजे उनकी मौत हो गई। उनका बेटा वार्ड नंबर 108 से बीडीसी सदस्य बृजेश पहले कोरोना पॉजिटिव था। कुछ दिन बाद उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। पिता की मौत के तीन घंटे बाद उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। ऑक्सीजन लेवल कम होने से दिक्कत बढ़ने लगी। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि गांव में पंचायत चुनाव के बाद 20 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जिसमें टिसुरी 60, हजरत अली 70, रसूलबानो 75, शमीना 60, शाहिद 48, यूसुफ 70, नंदू सहानी 62, बर्फी 55, यशोमती 60, मदीना 80, जगपाती 55, अनवारुल 50 आदि शामिल हैं। सभी लोग बुखार, खांसी, सर्दी, जुकाम आदि से पीड़ित थे, लेकिन किसी ने कोरोना जांच नहीं कराई थी। इतने लोगों की जान जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग बेखबर है।
जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस ने पहल

गोरखपुर : में कोरोना से बचाव से संबंधित जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस ने पहल की है। इसके लिए एसएसपी ने एक टास्क फोर्स बनाई है। इसे कोविड एंटी ब्लैक मार्केटिंग टास्क फोर्स का नाम दिया गया है। यह टीम सूचनाएं प्राप्त कर कालाबाजारियों पर कानूनी कार्रवाई करेगी। बाकायदा मोबाइल नंबर, व्हाट्स एप नंबर व ट्विटर आईडी सोशल मीडिया पर जारी कर लोगों से सूचनाएं मांगी गई हैं। पुलिस सूचना देने वालों के नाम व उनके मोबाइल नंबर गोपनीय रखते हुए कार्रवाई करेगी। जानकारी के मुताबिक, कोरोना का संक्रमण बढ़ते ही प्रदेश के साथ ही गोरखपुर में आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी शुरू हो गई। इसी क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में गोरखनाथ के अंबे ट्रेडर्स के यहां से 80 से ज्यादा ऑक्सीजन सिलिंडर बरामद किया गया।
पुलिस व प्रशासन का कहना था कि वहां तय रेत से ज्यादा रकम वसूली जाती थी। इसी प्रकार गुलरिहा पुलिस ने भर्ती कराने के लिए कोविड मरीज से रुपये लेने के आरोप में मेडिकल कॉलेज के वार्ड ब्वॉय और गार्ड पर केस दर्ज किया और वार्ड ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया था। गोरखनाथ पुलिस ने रेमडिसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी करने वाले प्राइवेट अस्पताल के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया था। गुलरिहा पुलिस ने मरीज से ज्यादा रुपये लेने के आरोपित एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार किया था। इसको देखते हुए सीएम ने भी इसपर लगाम लगाने के निर्देश दिए थे। रविवार को एसएसपी ने इस संबंध में एक स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया हैं जिसमें एक सीओ, दो इंस्पेक्टर, तीन दरोगा व सिपाही होंगे।
कालाबाजारी कि सूचनाओं को प्राप्त करने के लिए कोविड कंट्रोल रूम, पुलिस कंट्रोल रूम, साइबर थाना प्रभारी के नंबर व व्हाट्सएप नंबर जारी किए गए हैं। साथ ही ट्विटर की भी आईडी जारी की गई है। पुलिस की अपील है कि लोग इन नंबरों पर कोविड से संबंधित आवश्यक वस्तुओं मास्क, सैनिटाइजर, जीवन रक्षक दवाओं, ऑक्सीजन सिलिंडर, रेमडिसिविर इंजेक्शन आदि की कालाबाजारी की सूचना दें। यदि कोई इन वस्तुओं पर शासन द्वारा तय किए गए मूल्य से ज्यादा रकम लेता है तो भी सूचना दे सकते हैं। लोग कालाबाजारी की सूचना पुलिस को 9454403527 व 9454417470 मोबाइल नंबर पर कॉल करके, 7839865731 व 9454458118 मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए तथा @gorakhpurpolice ट्वीटर पर भी दे सकते हैं। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु कोविड से संबंधित आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी व अधिक मूल्य लेने की शिकायतें आ रही थीं। इसको रोकने के लिए टास्क फोर्स बनाई गई है और नंबर जारी कर लोगों से सूचना मांगी गई हैं। सूचना देनेवालों की पहचान गोपनीय रखते हुए कालाबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
दोस्तों संग युवती से किया दुष्कर्म

गोरखपुर : के गीडा इलाके के एक गांव की 19 साल की युवती के साथ युवक और उसके दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार को थाने में तहरीर देने पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने के बाद उसने शिकायत की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, केस दर्ज कर कार्रवाई होगी। जानकारी के मुताबिक, गीडा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने तहरीर में कहा है कि फेसबुक के जरिए गांव के ही युवक से उसकी बातचीत होने लगी थी। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर सहजनवां स्थित एक होटल में ले गया और दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
कुछ माह के बाद युवती गर्भवती हो गई तो स्वजनों को इसकी जानकारी हुई। पीड़िता की मां आरोपी युवक के घर शिकायत लेकर पहुंची, जिस पर आरोपी के स्वजन गाली देकर जान से मारने की धमकी देने लगे।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक व उसके स्वजन शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे है और पीड़िता को बार-बार फोन करके धमका रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक गीडा डीडी मिश्रा ने कहा कि प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच की जा रही है, जल्द ही मुकदमा भी दर्ज कर लिया जाएगा।