
नगर निगम द्वारा कारगिल विजय दिवस समारोह की भव्य तैयारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि
नगर निगम द्वारा कारगिल विजय दिवस समारोह की भव्य तैयारी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद स्मारक पर एक भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 1999 के कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए भारतीय जवानों की स्मृति में किया जाता है। इस वर्ष का कार्यक्रम विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं सम्मिलित होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।कार्यक्रम को सफल और गरिमापूर्ण बनाने के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार को कारगिल शहीद स्मारक का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, सजावट, मंच, यातायात संचालन, पेयजल तथा बैठने की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, अधिशासी अभियंता किशोरी लाल समेत नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।नगर आयुक्त ने कहा कि कारगिल विजय दिवस न सिर्फ वीर शहीदों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर है, बल्कि यह नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देने का भी माध्यम है। उन्होंने बताया कि स्मारक स्थल पर स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आगंतुकों को प्रेरणादायक वातावरण मिल सके।नगर निगम लखनऊ का यह आयोजन वीरगति प्राप्त जवानों की स्मृति में पूर्ण श्रद्धा और सम्मान के साथ सम्पन्न किया जाएगा।
