diwali horizontal

गुरुद्वारा ब्रह्म कुंड साहिब में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया: एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने टेका माथा, दी शुभकामनाएं

अयोध्या LIVE 06/11/25

0 47

गुरुद्वारा ब्रह्म कुंड साहिब में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया: एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने टेका माथा, दी शुभकामनाएं

(सिटीजन वॉयस:  अयोध्यासंवाददाता: जे पी गुप्ता)

अयोध्या:  रामनगरी अयोध्या स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा ब्रह्म कुंड साहिब में प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 556वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पूरा परिसर “सत नाम श्री वाहेगुरु” के जयघोषों से गुंजायमान रहा।इस अवसर पर अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और गुरु चरणों में नमन किया। आतिशबाज़ी और दीयों की रोशनी के बीच उन्होंने सभी को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं।

गुरुद्वारा के ज्ञानी गुरजीत सिंह ने बताया कि यह स्थान अत्यंत ऐतिहासिक है, क्योंकि यहीं गुरु नानक देव जी के पावन चरण पड़े थे। इस अवसर पर पूरे परिसर को दीपों व रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। कीर्तन दरबार में गुरु बाणी के अमृतमय शब्दों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें हज़ारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान महंत बलजीत सिंह, सेवादार गुरबीर सिंह सोढ़ी, चरणजीत सिंह, कुलजीत सिंह, सुरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत और समाजसेवी उपस्थित रहे।
गुरु वाणी “किरत करो, वंड छको, नाम जपो” के संदेश को आत्मसात करते हुए भक्तों ने सेवा, एकता और मानवता का संदेश दिया। ब्रह्म कुंड साहिब का यह आयोजन श्रद्धा, प्रेम और समानता की अमर ज्योति प्रज्ज्वलित करने वाला रहा।

नगर निगम के दो सौ कर्मचारियों को बांटे गए जैकेट 

अयोध्या:  नगर निगम के तिलक हाल में 200 कर्मचारियों को ठंड से बचाव के लिए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त श्रीजयेंद्र कुमार के साथ जैकेट का वितरण किया। इस दौरान महापौर ने स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया का इस सहयोग के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में 200 सफाई कर्मियों को जाकर उपलब्ध कराया गया।

इस दौरान उपसभापति राजेश गौड़, पार्षद अनिल सिंह, चंदन सिंह, अभय श्रीवास्तव, संतोष सिंह, विनय जायसवाल, दीप कुमार, रमाशंकर निषाद, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल उपस्थित थे।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर अयोध्या में होगा सामूहिक गायन, सरदार पटेल जयंती पखवारे में निकलेगी राष्ट्रीय एकता दौड़ ;विधायक वेद प्रकाश गुप्ता बोले वंदे मातरम् ने आज़ादी के संग्राम में फूंकी थी राष्ट्रभक्ति की ज्वाला

अयोध्या:  राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के लिखे जाने के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अयोध्या महानगर में भी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे। यह जानकारी नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने सर्किट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम्  स्वतंत्रता संग्राम का विजय मंत्र था, जिसकी गूंज ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। इस अवसर पर अयोध्या महानगर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महानगर में नगर निगम तिलक हॉल में प्रात दस बजे से सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन होगा। विधायक ने बताया कि पार्टी संगठन सामाजिक और राष्ट्रवादी कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि 15 से 17 नवंबर तक विधायक खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें कबड्डी, वालीबॉल, खो-खो और कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना और राष्ट्रभक्ति का संचार करना है।
नगर विधायक ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए।इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि  लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के पखवारे में 8 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय एकता दौड़” का आयोजन किया जाएगा, जो पूरा बाजार के हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर गंगौली चौराहे तक जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के चार पड़ाव रहेंगे—पहला रहेरवा, दूसरा हनुमान मंदिर बिल्हर घाट, तीसरा दुर्गापुर स्थित महाविद्यालय और अंतिम पड़ाव गंगौली चौराहा। प्रत्येक पड़ाव पर स्थानीय नागरिकों को जोड़ा जाएगा और सरदार पटेल के कृतित्व व योगदान पर चर्चा की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान अनीता सिंह, महानगर उपाध्यक्ष तिलकराम मौर्या, मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, अमल गुप्ता उपस्थित रहे।

रामनगरी अयोध्या में 5100 दीपों से जगमगाई देव दीपावली मुख्य अतिथि रहे सुरेश यादव;अवध सरयू सेवा समिति नित्य आरती के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में देव दीपावली का पर्व बड़ी ही श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। अवध सरयू सेवा समिति नित्य आरती के तत्वाधान में सरयू तट पर 5100 दीपक प्रज्वलित कर देव दीपावली का आयोजन किया गया। पूरा सरयू तट दीपों की रौशनी से आलोकित हो उठा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “प्रभु श्रीराम के भव्य राम दरबार की स्थापना के शुभ अवसर पर इस वर्ष विशेष रूप से 5100 दीप जलाकर देव दीपावली मनाई गई है समिति के अध्यक्ष सीताराम उर्फ बबलू महाराज ने बताया कि नित्य आरती समिति द्वारा प्रतिदिन माता सरयू की आरती की जाती है और देव दीपावली पर विशेष आरती एवं दीपदान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेश महाराज, मांझी समाज के अध्यक्ष रामजस मांझी, हरजीत कौर मेमोरियल सेवा संस्थान के अध्यक्ष गुरवीर सिंह, आरती व्यवस्थापक मुकेश शास्त्री, एवं मीडिया प्रभारी अंकुर पांडे सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे दीपों की जगमगाहट से सरयू तट का दृश्य मनमोहक बना रहा और श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ देव दीपावली पर्व का आनंद उठाया।

 

तीन दिवसीय मैहर महोत्सव का भव्य शुभारंभ; 21,000 महिलाओं ने पारंपरिक दुरदुरिया पूजन में भाग लेकर रचा इतिहास!

अयोध्या:  श्रीराम की पावन भूमि पर एक बार फिर संस्कृति, समाज और श्रद्धा के रंगों से सराबोर हो उठी है। मलावन की बगिया, मैहर कबीरपुर हैदरगंज विधानसभा गोसाईगंज में तीन दिवसीय मैहर महोत्सव का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव प्रमोद सिंह ने किया।
महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन समारोह में गोसाईगंज क्षेत्र की हजारों बहनों ने सहभागिता कर इतिहास रच दिया। लगभग 21,000 महिलाओं ने पारंपरिक दुरदुरिया पूजन में भाग लेकर मातृशक्ति की आस्था, एकता और संस्कार का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। उत्तर प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा नारी शक्ति कार्यक्रम बनकर यह आयोजन गौरवशाली और अविस्मरणीय क्षणों का साक्षी बना।कार्यक्रम स्थल भक्ति, संस्कृति और सामाजिक चेतना का अनूठा केंद्र बना रहा। मंच से वक्ताओं ने नारी सम्मान, समाज में उनकी भूमिका और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। आयोजकों ने सभी बहनों, स्वयंसेवकों और युवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस दौरान लगभग 35 हजार की भीड़ भी मौजूद रही जो इस कार्यक्रम की गवाह बनी।

 

महोत्सव के आगामी दो दिनों में भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें ईरान, भूटान, नेपाल सहित कई देशों के नामचीन पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे। देश के शीर्ष पहलवानों के साथ स्थानीय युवा पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

महिलाओं से मुलाकात करती जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह! 

जनपद अयोध्या: के मवई ब्लॉक  ग्राम पंचायत कसारी में गुरुवार को माता शक्तियों के सम्मान में पारंपरिक सामूहिक ‘दूर-दुरिया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर औसान माता के प्रांगण में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजी कुल 11 समूहों की 88 सुहागिन महिलाओं ने एक साथ दूर-दुरिया गीत गाते हुए सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की।कार्यक्रम के आयोजक अधिवक्ता दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के महत्व को रेखांकित करना और परंपरागत लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि “गांव की माताएं और बहनें आज भी परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं, और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और श्रद्धा की भावना मजबूत होती है।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह (रोहित) भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के उपरांत औसान माता रानी के प्रांगण में पौधरोपण कर मातृशक्ति के सम्मान में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। और अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह ने कहा कि “महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। जब महिला सशक्त होती है तो पूरा समाज सशक्त होता है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति की जीवंत मिसाल हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुमन पासवान ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में महिलाओं की भागीदारी समाज के विकास की दिशा तय करती है। हमें अपनी संस्कृति को सहेजने की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक कुमार रोहित सिंह सनातनी अमर तिवारी रामकिशोर शुक्ला नारायण बक्श सिंह बब्बन सिंह श्रवण सिंह काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

सुमित्रा शिक्षण समूह में वार्षिकोत्सव एवं भवन लोकार्पण संपन्न!

अयोध्या:सुमित्रा शिक्षण समूह, हैदरगंज बाजार अयोध्या में वार्षिकोत्सव एवं शिक्षण भवन लोकार्पण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रोहित सिंह ने नवीन भवन का लोकार्पण किया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

 

प्रतिभा सम्मान समारोह में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।अतिथियों ने संस्थान की प्रगति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरा वातावरण उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास से भरा रहा।

 

29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव की तैयारी तेज, अधिकारियों की बैठक में हुई समीक्षा

अयोध्या: जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे के निर्देश पर 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय युवा उत्सव में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागियों और आमजन की उपस्थिति को देखते हुए सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

सीडीओ ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों को इनोवेटिव कंटेंट पर मॉडल तैयार करने हेतु प्रेरित किया जाए, विशेषकर अयोध्या के विकास और सुधार पर आधारित मॉडल को बढ़ावा दिया जाए। युवा कल्याण विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल गतिविधियाँ, प्रेरणात्मक व्याख्यान, प्रदर्शनी और सूचना काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम है। अतः यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यक्रम अनुशासित, प्रेरणादायक और सफल रूप से संपन्न हो।बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषिपाल सिंह, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दिग्विजय सिंह, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर विज्ञान निखिल सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 15 नवंबर को होगी विशाल पदयात्रा ;मिल्कीपुर विधायक के कार्यालय पर आयोजित की गई बैठक

मिल्कीपुर ,अयोध्या: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी जोरों पर है। इसी क्रम में बुधवार को मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान के कार्यालय डिली गिरधर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा की रूपरेखा तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता विधायक चंद्रभानु पासवान ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष अखंड सिंह डिंपल ने किया। बैठक में मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं महिला मोर्चा की प्रतिनिधियां मौजूद रहीं।बैठक में पदयात्रा की तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई। अखंड सिंह डिंपल ने बताया कि 15 नवंबर को सुबह 10:00 बजे “आस्था मैरिज लाइन” से पदयात्रा का शुभारंभ होगा। यात्रा का पहला पड़ाव गहनाग, दूसरा पड़ाव मीठेगांव, तीसरा पड़ाव पटखौली और अंतिम पड़ाव बारून बाजार में होगा। बारून में इस अवसर पर एक भव्य जनसभा आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश नेतृत्व के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और सरदार पटेल के आदर्शों एवं विचारों पर प्रकाश डालेंगे।

बैठक में यह भी बताया गया कि पदयात्रा में लगभग 5000 से अधिक कार्यकर्ता, किसान, युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल होंगे।

यात्रा के दौरान मार्ग में फूलों की वर्षा किया जाएगा। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी यात्रा में शामिल होगे, जिनमें सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
विधायक चंद्रभानु पासवान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारत की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक गांव और बूथ तक जाकर लोगों को पदयात्रा में सम्मिलित होने के लिए उत्साहित करें क्षेत्र में एकता का संदेश देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बन सके।
बैठक में उपस्थित जिला महामंत्री राधेश्याम त्यागी, कार्यक्रम आयोजक सरयू दुबे, मंडल अध्यक्ष श्याम नारायण पाठक, ब्रह्म प्रकाश शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी और बंशीधर, देवेन्द्र सिंह ,वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रबली सिंह, जिला पंचायत सदस्य बबलू पासी, अशोक मिश्रा, संतोष सिंह, सरबजीत सिंह, अरुण गुप्ता, पिछड़ा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अजीत मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।महिला मोर्चा की पदाधिकारीयों ने भी पदयात्रा की सफलता के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को 15 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा और जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची समाजसेवा – उम्मीद एक आस

अयोध्या: जनपद की सामाजिक संस्था उम्मीद एक आस के सहयोग  एवं दीपक जायसवाल की तरफ से मिनी गुड्स कैरियर  ओनर्स एसोसियन के अध्यक्ष स्व प्रभु नाथ  जायसवाल जी के पुण्य तिथि के अवसर पर वृद्धा आश्रम मणिपर्वत विद्याकुंड अयोध्या पर बुजुर्गों के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है जिसमें संस्था के सभी पदाधिकारी सुमित श्रीवास्तव अवधेश पांडेय सौरभ शर्मा जितेंद्र तिवारी वीरेंद्र पटेल अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव  अभिषेक सागर पार्षद अनूप श्रीवास्तव  जे पी रावत समाजसेवी अमरेश मिश्रा शुभम श्रीवास्तव आदि जनों ने सेवा कार्य में सहयोग प्रदान किया। संस्था के संरक्षक सोम  प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था की तरफ से हमेशा जन्मदिन एवं विभिन्न उत्सवों पर सबका ध्यान रखते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं , माताओं  को अपनों की कमी ना खले इसके लिए छोटा सा प्रयास है । संस्था के अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था हमेशा से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्रों मे निरंतर कार्यरत है एवं सेवा ही धर्म का पालन करने की भावना के साथ कार्य कर रही है। जिला प्रभारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने कहा आगामी कार्यक्रम में संस्था की तरह से मुफ्त चिकित्सीय सहायता जांच कैंप एवं शीत ऋतु को देखते हुए गरीबों को शीत वस्त्र प्रदान किया जाएगा एवं जल्द ही संस्था का एक हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया जाएगा ,एवं उम्मीद एक आस के कार्यक्रम में सहयोग के लिए सभी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया ।

देव दीपावली पर महादेवा घाट 5100 दीपों से जगमग!

​गोसाईंगंज- अयोध्या:  पौराणिक चौरासी कोसी परिक्रमा के पड़ाव स्थल, गोसाईंगंज कस्बे के महादेवा घाट पर देव दीपावली के अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत महिलाओं और बच्चों ने घाट पर भव्य व आकर्षक रंगोली बनाई। शाम होते ही पूरा घाट 5100 दीपों से जगमग हो उठा।

इस अवसर पर अयोध्या धाम से पधारे आचार्यों द्वारा तमसा तट पर भावपूर्ण आरती का आयोजन किया गया। आयोजक समिति के प्रमुख ध्रुव बरनवाल ने बताया कि देवोत्थान एकादशी को भगवान विष्णु चार माह की निद्रा से जागते हैं और सभी देवताओं के साथ नदी में स्नान के लिए आते हैं। उन्हीं के स्वागत में देव दीपावली का आयोजन होता है।अयोध्या के विद्वान पंडितों द्वारा श्री महादेवा घाट तट पर आयोजित हुई इस भव्य आरती का लाभ हजारों की संख्या में भक्तजनों ने लिया। आरती पूजा का कार्यक्रम शाम 7:00 बजे शुरू हुआ, जो रात 8:30 बजे तक चला।

​सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए थाना प्रभारी शारबेंदू दुबे ने कांस्टेबल महेंद्र और कांस्टेबल अनुराग को सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया।
​इस अवसर पर विनोद बरनवाल, ध्रुव बरनवाल, संजय गुप्ता, सतमन, रामकुमार, अशोक कुमार, महेश, अनिरुद्ध, रवि महंत, अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक राधेश शास्त्री जी और मीडिया प्रभारी दिनेश जायसवाल सहित तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

महबूबगंज: पोल्ट्री फार्म की गंदगी से ‘मक्खी राज’, बीमारियों का बढ़ा खतरा

अयोध्या: गोसाईगंज क्षेत्र के महबूबगंज और उसके आस-पास के इलाकों में पोल्ट्री फार्म हाउसों की खराब व्यवस्था के कारण संक्रामक बीमारियों का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। इन फार्मों से फैलने वाली गंदगी और मक्खियों के अत्यधिक प्रकोप ने स्थानीय बाजारों और आवासीय क्षेत्रों के खाद्य पदार्थों पर बुरा असर डाला है, जिससे क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है।
बाजार से लेकर घरों तक मक्खियों का आतंक

स्थानीय निवासियों के अनुसार, महबूबगंज, शिवगंज, दिलासीगंज और यो बंधन जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में मक्खियों का आतंक है। यह प्रकोप इतना अधिक है कि खाने-पीने की दुकानों और यहाँ तक कि घरों के भीतर भी जीवन मुश्किल हो गया है। जनता बीमारी फैलने की आशंका से चिंतित है और व्यापार प्रभावित हो रहा है।

सेवा, साहस और अनुशासन की राह: बाबू गया प्रसाद कॉन्वेंट स्कूल में त्रिदिवसीय स्काउट/गाइड शिविर का भव्य आगाज

 गोसाईगंज- ​अयोध्या:  ​बाबू गया प्रसाद कॉन्वेंट स्कूल, समदा, गोशाईगंज में आज भारत स्काउट और गाइड, उत्तर प्रदेश, जनपद अयोध्या के तत्वावधान में त्रिदिवसीय (6 से 8 नवंबर 2025) स्काउट/गाइड प्रशिक्षण शिविर का भव्य उद्घाटन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य छात्रों में सेवाभाव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।
बैंड की धुन पर हुआ उद्घाटन

समारोह का शुभारंभ विद्यालय की बैंड पार्टी की देशभक्ति धुन के साथ हुआ। शिविर के संरक्षक, विद्यालय प्रबन्धक श्री कृष्ण चंद्र मौर्य जी, और शिविर संयोजिका, प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपमा मौर्या जी, के आगमन के बाद श्री मौर्य जी ने ध्वजारोहण कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का संचालन आदित्य श्रीवास्तव ने किया जो स्काउट गाइड के मास्टर भी हैं।

​अनुशासन और कर्तव्य पर ज़ोर
इस अवसर पर, विद्यालय प्रबन्धक श्री कृष्ण चंद्र मौर्य जी ने छात्रों को संबोधित करते हुए अनुशासन और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, स्काउटिंग केवल यूनिफॉर्म पहनना नहीं है, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्य को निभाना है।

श्रद्धालुओं के लिए आनंद दायक हो अयोध्या-अनुराग जैन

अयोध्या: अयोध्या विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष  आईएएस अनुराग जैन ने प्रेस क्लब सचिव जयप्रकाश सिंह  से संक्षिप्त वाला मुलाकात मे अपनी प्राथमिकताए साझा किया और चल रही योजनाओ का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता बतायी।महराजगंज और अंबेडकरनगर  जिलों में *विकास योजनाओं के सही क्रियान्वयन  और  सख्त रवैये के लिए माने जाने वाले अनुराग जैन  प्रधानमंत्री के आगामी 25 नवम्बर के प्रस्तावित दौरे  की तैयारियो को अन्जाम देने मे लगे है।

वार्ता में विकास प्राधिकरण के विषय में बताया कि अयोध्या मे चल रही योजनाओं का गुणवत्ता पूर्ण क्रियान्वयन और उनका समय से पूरा किया जाने के साथ आगामी 25 नवंबर को प्रस्तावित देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे की तैयारी को अंजाम देने में लगे विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने प्रेस क्लब सचिव से वार्ता में बताया कि अयोध्या धाम और अयोध्या के विकास की ऐसी तस्वीर होनी चाहिए जिसको देखकर बाहर से आने वाले श्रद्धालु राम भक्त यहां पर कई दिनों तक रुक कर यहां की सांस्कृतिक ऐतिहासिक एवं धार्मिक गतिविधियों का अवलोकन करें ऐसा मेरी प्राथमिकता में होगा। प्रेस क्लब सचिव जय प्रकाश सिंह और संयुक्त सचिव  प्रदीप पाठक के अनुरोध पर प्रधानमंत्री के दौरे के बाद प्रेस क्लब सिविल लाइन में मीडिया मित्रों से मुलाकात करने का आश्वासन दिया।

स्वतंत्रता संग्राम के प्रणेता बाबा लंगड़ दास की समाधि स्थल पर आयोजित हुआ मेला

अयोध्या: जाना बाजार स्वतंत्रता संग्राम के प्रणेता बाबा लंगड़ दास की समाधि स्थल पर आयोजित मेला बुधवार की देर रात शांति पूर्वक संपन्न हुआ। मेले की शुरुआत बाबा फुल्लर दास समाधि स्थल से तिरंगे के साथ तीन किलोमीटर लंबी स्वाधीनता दौड़ से हुई, जिसमें नरेंद्र जाटों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी।
दौड़ में कुल 41 धावक शामिल हुए। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अभय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचंद्र वर्मा एवं संचालन मनीष तिवारी ने किया।मेले के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि रोली यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए युवाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विजेताओं एवं स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के बुजुर्गों को सम्मानित किया गया।
रंगोली प्रतियोगिता में पल्लवी सिंह प्रथम, बिट्टू सिंह द्वितीय तथा अनामिका तृतीय रहीं।
कार्यक्रम में प्रेम कुमार वर्मा, डॉ. मनोज यादव, भास्कर तिवारी, राकेश तिवारी, अनुराग वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित राजू रैदास से की मुलाकात !

अयोध्या: कोतवाली क्षेत्र की चौकी रायगंज अंतर्गत माझा बरेहटा मदरहिया गांव में आगजनी की घटना को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित राजू रैदास से मुलाकात की।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा रेणु व जिला अध्यक्ष रामसागर रावत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने पीड़ित को न्याय व सहायता का आश्वासन दिया।
राजू रैदास ने आरोप लगाया कि राजकुमार व छोटू ने उनके घर में आग लगाई, परंतु पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
कांग्रेसजनों ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

गर्भवती महिला और पति को ट्रैक्टर विवाद पर पीटा; सिर और माथे पर गंभीर चोट

 अयोध्या: ​गोशाईगंज थाना क्षेत्र के उनियार गाँव में खेत की जुताई के मामूली विवाद ने गुरुवार शाम हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी की बाल्टी पर ट्रैक्टर चढ़ने को लेकर शुरू हुए झगड़े में, पड़ोस की दो महिलाओं ने मिलकर एक तीन महीने की गर्भवती महिला और उसके पति पर जानलेवा हमला कर दिया।​पीड़िता नीतू पत्नी अंकित, निवासी उनियार, ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि गुरुवार दिनांक 05-11-2025 को शाम लगभग 05:00 बजे, उनके पति अंकित खेत जोतने जा रहे थे। रास्ते में पड़ोसी हेमलता पत्नी राजेन्द्र रावत की एक बाल्टी पर ट्रैक्टर चढ़ जाने से वह टूट गई।​नीतू के अनुसार, उन्होंने तुरंत नई बाल्टी देने की बात कही, लेकिन हेमलता पत्नी राजेन्द्र रावत और उनकी बहन रीमा ने नहीं सुनी और झगड़ा शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों बहनों ने मिलकर नीतू को बुरी तरह पीटा। मारपीट में हेमलता ने लोहे के पीढ़ा से नीतू के सिर पर वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान हो गईं।​पीड़िता ने बताया कि दोनों बहनों ने मिलकर उनके पेट में लातों से भी मारा, जबकि वह तीन महीने के गर्भ से हैं। जब उनके पति अंकित उन्हें छुड़ाने आए, तो हेमलता पत्नी राजेन्द्र ने ईंटों से मारकर उनका माथा फोड़ दिया। दोनों बहनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।​पीड़िता ने थाना प्रभारी शारबेंदू दुबे से उपरोक्त अभियुक्तों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कर विधिक कार्यवाही करने की गुहार लगाई है। सूचना मिलने के बाद फिर अभियुक्तों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.