
आजम खान ने अगर सपा छोड़ी तो अखिलेश यादव के सामने ये सब होगी टेंशन।
रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर दो दिनों से चर्चा में बना हुआ है। सीतापुर जेल से निकल कर यूपी की राजनीति के कद्दावर चेहरे आजम खान अपने गृह क्षेत्र रामपुर पहुंच चुके हैं। इसके बाद अब प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद शुरू हो गया है। क्या आजम खान समाजवादी पार्टी छोड़ने वाले हैं। उन्होंने रामपुर पहुंचते ही जिस प्रकार से अपने तेवर दिखाए हैं, उसने सवाल खड़ा कर दिया है। सीतापुर जेल से निकलकर रामपुर पहुंचते ही आजम खान ने जिस प्रकार के तेवर दिखाए हैं, वह कई चीजों को सामने ला रहा है हालांकि, जेल से बाहर आने के बाद मीडिया से बातचीत में बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने के सवाल पर आजम ने कहा कि कयास लगाने वालों से पूछिए।
आजम ने नहीं दिया कोई स्पष्ट जवाब
सीतापुर जेल से रिहा होने के बाद रामपुर लौटने के क्रम में धमोरा में मीडिया से चलते-चलते बातचीत के दौरान आजम खान ने जेल में बिताए गए समय पर कहा कि पत्ता पत्ता बूटा बूटा हाल हमारा जाने है। बसपा में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलें पर उन्होंने कहा कि अभी इस पर कुछ नहीं कह सकते। यह पूछे जाने पर कि क्या सपा मुखिया अखिलेश यादव से कोई बातचीत हुई?
आजम खान ने इस पर कहा कि जेल में किसी से भी फोन पर बात करने की अनुमति नहीं थी। सक्रिय राजनीति के बारे में उन्होंने कहा कि अभी अपना इलाज कराऊंगा। सेहत ठीक होने के बाद ही अगला कदम तय करेंगे। ऐसे में आजम के विरोधी उनके अगले कदम को लेकर अनुमान लगाने में जुट गए हैं।