
यूपी : पश्चिम यूपी की 11 जिलों की 58 सीटों पर वोटिंग पूरी हो गई है। इन सीटों पर कुल 60.31% वोटिंग हुई। सबसे ज्यादा 69.42% शामली और सबसे कम 52.43% गाजियाबाद जिले में वोटिंग हुई। वहीं, अगर विधानसभा की बात करें तो सबसे ज्यादा वोटिंग पलायन मुद्दे से चर्चा में आई शामली की कैराना सीट पर हुई। यहां 75.12 पर वोटिंग हुई। वहीं, गाजियाबाद की साहिबाबाद विधानसभा सीट पर सबसे कम 45% मतदान हुआ।
किस जिले में कितनी वोटिंग हुई

11 जिलों में छिटपुट घटनाओं के बीच 643 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। बागपत, छपरौली और आगरा की एत्मादपुर की सीट पर वोट डालते हुए कई वोटर्स ने अपने वीडियो शेयर किए। इससे चुनाव की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। इसके अलावा, कई जगह लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए वोटिंग का बहिष्कार किया। करीब 50 से ज्यादा केंद्रों पर EVM खराब होने से वोटिंग में दिक्कत आई।

गुरुवार को शुरुआत में वोटिंग धीमी थी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही वोटिंग में तेजी आई। सुबह 9 बजे तक 11 सीटों पर महज 8.01% वोटिंग हुई थी। इसके बाद 11 बजे वोटिंग प्रतिशत 20.03 पर पहुंच गया। दोपहर एक बजे वोटिंग प्रतिशत बढ़कर 35.03%, 3 बजे 48.24% और 5 बजे 57.79% पर पहुंच गया। वहीं, अंतिम आंकड़े आने तक वोटिंग प्रतिशत बढ़कर 60% क्रास कर गया
सरधना में दलितों को वोट डालने से रोका, बाह में 200 वोटर्स के नाम गायब
मेरठ के सरधना के गांव सालावा में दलितों को मतदान करने से रोका गया। बताया जा रहा है कि जब दलितों ने विरोध किया तो भाजपा प्रत्याशी संगीत सोम के समर्थकों ने मारपीट की। इस मामले में जब अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उधर, आगरा की बाह विधानसभा के चौरंगा हार गांव में वोटर लिस्ट से 200 वोटर्स के नाम नहीं थे। इससे नाराज ग्रामीणों ने पोलिंग बूथ पर जमकर हंगामा किया। वहीं, पिनाहट ब्लॉक के विप्रावली गांव में दिव्यांगों और बुजुर्गों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब वो मतदान केंद्र गए तो कहा कि भाजपा के पक्ष में वोट दो। इससे आक्रोशित लोगों ने बूथ पर हंगामा किया
जयंत ने नहीं डाला वोट, कहा- बदलाव के लिए प्रचार जरूरी

रालोद के मुखिया जयंत चौधरी वोट नहीं डाल पाए। वह खुद भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के लिए मेरा वोट इतना महत्वपूर्ण नहीं है, जितना पार्टी के लिए प्रचार जरूरी है। गांव-गांव तक प्रचार जाएगा, तभी सत्ता परिवर्तन होगा। जयंत मथुरा शहर सीट से वोटर हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा न्यू यूपी का नया नारा…विकास ही विचारधारा बने
वोटिंग के बड़े अपडेट
मेरठ में फर्जी वोटिंग के शक में कांग्रेस प्रत्याशी रंजन शर्मा ने दूसरे दल के पोलिंग एजेंट से मारपीट की। इस कारण यहां काफी देर तक मतदान बाधित रहा।
मेरठ के पल्लवपुरम फेस-2 में फर्जी वोट डालते दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा। थाने ले जाकर पूछताछ की। अभी वह पुलिस हिरासत में है।
शामली में बूथ कैप्चरिंग के विवाद में सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी के साथ मारपीट, भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप।
आगरा के बाह में फर्जी मतदान को लेकर सपा और भाजपा समर्थकों में हाथापाई की। पुलिस ने डंडा लेकर खदेड़ा।
मेरठ के सरधना के गांव सालावा में दलित समाज को मतदान करने से रोका। विरोध करने पर विधायक संगीत सोम के कार्यकर्ताओं पर पीटने का आरोप लगाया।
जेवर में पीठासीन अधिकारी पर एक प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवाने का आरोप लगा। ग्रामीणों ने बूथ पर खूब हंगामा किया। पुलिस ने मोर्चा संभाला।
बागपत में एक वीडियो सामने आया। इसमें रालोद समर्थक ने पोलिंग बूथ के अंदर वोट डालने का वीडियो बनाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मथुरा में बलदेव विधानसभा के गांव शाहपुर में मतदान के दौरान 71 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई।
आगरा के एत्मादपुर में वोटिंग बूथ के अंदर का वीडियो वायरल। मौके पर DM पहुंचे। कहा कि ऐसी हरकत करने वाले को चिह्नित कर एक्शन लेंगे।
मेरठ में किठौर के भड़ोली में सपा-भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़े, मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को खदेड़ा।
गाजियाबाद में बूथ पर पहुंचे बुजुर्ग मतदाता तो पता चला कि पोस्टल बैलेट से पहले ही पड़ चुका था वोट अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
छपरौली विधानसभा के तितरोदा गांव में मतदान डालने का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

पिनाहट ब्लॉक के विप्रावली गांव में दिव्यांगों और बुजुर्गों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है। कहा कि जब वो मतदान केंद्र गए तो कहा कि भाजपा के पक्ष में वोट दो। इससे आक्रोशित लोगों ने बूथ पर हंगामा किया।
9 मंत्री समेत 643 प्रत्याशी मैदान में
पहले चरण में योगी सरकार के 9 मंत्रियों की किस्मत भी ईवीएम में बंद हो गई है। 58 सीटों पर कुल 623 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें 73 महिलाओं ने चुनाव लड़ा है। पहले चरण में कुल 2.27 करोड़ वोटर्स हैं। इसमें पुरुष 1.27 करोड़ और महिलाएं 1 करोड़ हैं। 2017 के चुनाव में इन 58 सीटों में भाजपा ने 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, सपा-बसपा ने दो-दो और रालोद महज एक सीट जीत पाई थी।