
लखनऊ में ट्रेन हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत, पुलिस ने पहचान में सहयोग की अपील की
लखनऊ: थाना तालकटोरा क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। प्रातः करीब 5 बजे पीआरवी 0506 को सूचना मिली कि रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल के सामने रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन से कटकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना पर तत्काल पीआरवी व तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि युवक के दोनों पैर कट चुके थे तथा शरीर पर गंभीर चोटें थीं।घायल को तत्काल रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष आंकी गई है, किंतु उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और आसपास के निवासियों से पूछताछ के बावजूद पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया है।थाना तालकटोरा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो कृपया तत्काल थाना तालकटोरा, कमिश्नरेट लखनऊ से संपर्क करें और सूचना उपलब्ध कराएं।
