diwali horizontal

गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन: राष्ट्रपति, रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया अवलोकन

0 49

गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन: राष्ट्रपति, रक्षामंत्री व मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुविधाओं का किया अवलोकन

गाजियाबाद: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज जनपद गाजियाबाद में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस और 1200 बेड युक्त यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। उद्घाटन से पूर्व राष्ट्रपति, रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री ने यशोदा मेडिसिटी में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया।राष्ट्रपति ने कहा कि देश आज समग्र विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर है और इसमें सरकार के साथ-साथ 140 करोड़ देशवासियों का योगदान है। नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए देश में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देंगे।राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि किसी भी नागरिक को अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए और निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने यशोदा हॉस्पिटल द्वारा कोविड महामारी के दौरान मरीजों का बेहतर उपचार करने और टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में योगदान देने की सराहना की। उन्होंने बताया कि यशोदा हॉस्पिटल उत्तर भारत का पहला केन्द्रीय संस्थान है, जो सिकिल सेल एनीमिया और जनजातीय क्षेत्रों में होने वाली बीमारियों पर कार्य कर रहा है।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वस्थ और शक्तिशाली भारत की दिशा में यशोदा समूह सकारात्मक प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह गौरव व्यक्त किया कि यशोदा मेडिसिटी को दक्षिण एशिया में रोबोटिक सर्जरी के केन्द्र के रूप में मान्यता प्राप्त है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यशोदा मेडिसिटी सिर्फ एक अस्पताल नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश को वर्ल्ड क्लास हेल्थ केयर सुविधा प्रदान करने वाला केंद्र है। इस हॉस्पिटल के माध्यम से 5,000 से अधिक लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उत्तर प्रदेश में विगत साढ़े आठ वर्षों में 42 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं और गोरखपुर व रायबरेली में एम्स सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि यशोदा मेडिसिटी में कैंसर सहित अन्य गंभीर रोगों के इलाज की अत्याधुनिक तकनीकें उपलब्ध हैं। उन्होंने संस्थापक पी.एन. अरोड़ा और उनकी टीम की सराहना की जिन्होंने मात्र तीन वर्षों में इस विशाल स्वास्थ्य संस्थान की स्थापना पूरी की इस अवसर पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, यशोदा मेडिसिटी के संस्थापक पी.एन. अरोड़ा और प्रबंध निदेशक उपासना अरोड़ा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

   

Leave A Reply

Your email address will not be published.