
गोमतीनगर विस्तार में ‘मिशन शक्ति’ के तहत छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार
लखनऊ: गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत सक्रिय पुलिस टीम ने दिनांक 23.09.2025 को छेड़छाड़ के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया। घटना तब हुई जब थाना गोमतीनगर विस्तार की महिला उपनिरीक्षक सपना यादव, हेड कांस्टेबल निशा श्रीवास्तव और कांस्टेबल ज्योति गोस्वामी मिशन शक्ति फेज-05 के तहत क्षेत्र में गश्त कर रही थीं।सूचना के अनुसार, ग्राम मकदूमपुर के पास एक युवक सड़क पर खड़ा होकर गुजरती लड़कियों को देखकर सीटी बजा रहा था और अश्लील टिप्पणी कर रहा था। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने युवक को कुछ ही कदमों की दूरी पर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम वर्मा, पुत्र गजराज वर्मा, निवासी ग्राम हरिवंश पुरवा थाना सकरन, जिला सीतापुर, वर्तमान पता चियर इन होटल, सेक्टर-4, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ, उम्र लगभग 22 वर्ष बताया। आरोपी ने अपने कृत्य को स्वीकार किया और माफी भी मांगी।पुलिस ने इसे धारा 296(ख) बीएनएस के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। आरोपी शिवम वर्मा को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।इस कार्रवाई में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई: महिला उपनिरीक्षक सपना यादव, उपनिरीक्षक आयुष यादव, उपनिरीक्षक उपेन्द्र गिरी, हेड कांस्टेबल निशा श्रीवास्तव और कांस्टेबल ज्योति गोस्वामी।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने जनता से अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
