
कुशीनगर में ए.के. शर्मा ने किया 223 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास, निराश्रित गो आश्रय स्थल का भी किया निरीक्षण
कुशीनगर में ए.के. शर्मा ने किया 223 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास, निराश्रित गो आश्रय स्थल का भी किया निरीक्षण
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय कुशीनगर प्रवास के दौरान नगर पालिका परिषद परिसर में नगर विकास विभाग द्वारा संचालित 54 करोड़ रुपए से अधिक लागत के कुल 223 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कसया स्थित निराश्रित गो आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद गोवंश को चारा व गुड़ खिलाया।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कुशीनगर पालिका परिषद के अंतर्गत 7.88 करोड़ रुपए लागत के 35 कार्यों का लोकार्पण और 21.46 करोड़ रुपए लागत के 86 कार्यों का शिलान्यास किया। नगर पालिका हाटा में 1.88 करोड़ के 4 कार्यों का लोकार्पण और 1.60 करोड़ के 4 कार्यों का शिलान्यास हुआ। नगर पंचायत रामकोला में 6.84 करोड़ के 10 कार्यों का लोकार्पण और 7.48 करोड़ के 6 कार्यों का शिलान्यास किया गया। खड्डा में 38 लाख के 3 कार्यों का लोकार्पण और 1.35 करोड़ के 4 कार्यों का शिलान्यास, सेवरही में 3.08 करोड़ के 10 कार्यों का लोकार्पण और 7.30 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास, तमकुहीराज में 40 लाख के 1 कार्य का लोकार्पण और 5.92 करोड़ लागत के 21 कार्यों का शिलान्यास तथा छिनौती में 94 लाख के 4 कार्यों का लोकार्पण और 1.16 करोड़ के 3 कार्यों का शिलान्यास किया गया।इस मौके पर ए.के. शर्मा ने कहा कि नगरीय विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि शहरी क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुसज्जित जीवनशैली मिले। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वांचल का अभूतपूर्व विकास हुआ है और वह स्वयं भी प्रधानमंत्री कार्यालय में रहते हुए इस क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इतने व्यापक कार्यों के बावजूद भी विपक्ष यह सवाल करता है कि सरकार क्या कर रही है।निराश्रित गो आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी में गोवंश के लिए भूसा, चारा और स्वच्छ जल की कोई कमी न हो। साथ ही धूप से बचाव के लिए पर्याप्त छायादार व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।इस भव्य कार्यक्रम में सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक विनय प्रकाश गौड़ (रामकोला), मोहन वर्मा (हाटा), मनीष जायसवाल (पड़रौना), विवेकानन्द पांडेय (खड्डा), असीम अरुण (तमकुहीराज), जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, राकेश जायसवाल, सभी नगरीय निकायों के अध्यक्ष, सभासद, पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक व मातृशक्ति की भागीदारी रही।
