diwali horizontal

लखनऊ में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान, लाखों का जुर्माना वसूला

0 65

लखनऊ में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का बड़ा अभियान, लाखों का जुर्माना वसूला

लखनऊ: शहर में अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों की बढ़ती समस्या को देखते हुए लखनऊ नगर निगम ने सोमवार को एक सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया। यह कार्रवाई महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।जोन-2 में जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के नेतृत्व में तालकटोरा रोड पर विशेष रूप से गंदगी, अतिक्रमण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर कार्रवाई की गई। इस दौरान गंदगी और अतिक्रमण के लिए 6 चालान काटे गए और ₹10,000 का जुर्माना वसूला गया। वहीं, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने पर 7 चालान काटकर ₹9,000 का जुर्माना लगाया गया।इसी क्रम में, जोन-5 के जोनल अधिकारी नंदकिशोर के नेतृत्व में आलमबाग मेट्रो स्टेशन से टेढ़ी पुलिया और आनंद नगर होते हुए होमगार्ड मुख्यालय चौराहे तक कार्रवाई की गई। इस क्षेत्र में ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर जैसे अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के दौरान 6 काउंटर, 4 गुमटियां और 8 ठेले हटाए गए। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।इस अभियान में कर अधीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव, सेनेटरी अधिकारी राजेश कुमार, राजस्व निरीक्षक पीयूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चौधरी और मीरा राव सहित प्रवर्तन दल व पुलिस बल मौजूद रहे।जोन-6 में जोनल अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में वार्ड मल्लाही टोला प्रथम और शीतला देवी क्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। तहसीनगंज चौराहे से बालागंज चौराहे तक चलाए गए इस अभियान में 20 ठेले, 6 गुमटियां और 15 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। इसके अलावा, 2 लोहे की बेंच, 6 तराजू और अन्य सामान भी जब्त किया गया, और अतिक्रमणकारियों से ₹1,200 का जुर्माना भी वसूला गया। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को पत्र भी भेजा गया है।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और नागरिकों को स्वच्छ व सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.