
लखनऊ में प्रेम प्रसंग के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में मंगलवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग के चलते 26 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सआदतगंज थाना क्षेत्र के हातानूर बेग इलाके की है।पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह लगभग 5:40 बजे थाना स्थानीय पर हत्या की सूचना प्राप्त हुई। तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो पता चला कि मृतक अली अब्बास पुत्र आरिफ जमीर को पड़ोस में रहने वाले हिमालय प्रजापति ने अपने घर बुलाया और अपने साथियों सोनू व सौरभ प्रजापति के साथ मिलकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान अली अब्बास के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। मृतक के पिता आरिफ जमीर की तहरीर पर थाना स्थानीय में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया। पुलिस ने मु0अ0सं0 232/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत नामजद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों – सौरभ प्रजापति (30) पुत्र स्वर्गीय हुबलाल और हिमालय प्रजापति (26) पुत्र स्वर्गीय कैलाश – को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी सोनू की तलाश जारी है।पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक अली अब्बास का उनकी बहन से लंबे समय से प्रेम संबंध था। इसी रंजिश के चलते तीनों ने उसे घर बुलाकर पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इलाके में हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
