
लखनऊ में बारिश के बाद नगर आयुक्त ने किया जोनल निरीक्षण, जलभराव और सफाई व्यवस्था की ली जानकारी
लखनऊ: बीती रात शहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद सोमवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लखनऊ के विभिन्न जोनों का निरीक्षण कर जलभराव और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया।नगर आयुक्त ने जोन 1, 2, 4, 5, 6, 7 और 8 का दौरा किया और अधिकारियों के साथ स्थिति का मूल्यांकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बारिश के चलते जलभराव हुआ है, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही नालियों और ड्रेनों की सफाई पर विशेष जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जोन 4 के विनीत खंड स्थित पीसीटीएस सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तैनात वाहनों का रिकॉर्ड चेक किया और वाहनों की समय से ड्यूटी पर निकलने और निर्धारित मार्गों पर कूड़ा संग्रहण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गाड़ियां समय पर काम पर लगें और किसी भी वार्ड में कूड़ा उठाने की शिकायत न आए।इसके अलावा नगर आयुक्त जोन 7 के इंदिरा नगर वार्ड भी पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर कूड़ा कलेक्शन की गुणवत्ता और सफाई व्यवस्था के प्रति फीडबैक लिया। नागरिकों ने अपनी समस्याओं और संतोषजनक बिंदुओं को साझा किया। नगर आयुक्त ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी खामियां मिल रही हैं, उन्हें तुरंत सुधारा जाए।नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के मौसम में साफ-सफाई और जलभराव नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। नालियों और ड्रेनों की नियमित सफाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक जोनल अधिकारी अपने क्षेत्र में नियमित निगरानी रखें तथा जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित जोनों के अधिकारी और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारी भी मौजूद रहे।
