diwali horizontal

भाजपा सरकार में अन्याय, भेदभाव और दमन चरम पर — अखिलेश यादव बोले, झूठे मुकदमों का विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है सरकार

0 75

भाजपा सरकार में अन्याय, भेदभाव और दमन चरम पर — अखिलेश यादव बोले, झूठे मुकदमों का विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है सरकार

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में हर स्तर पर भेदभाव, अन्याय और अत्याचार का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि थानों में पोस्टिंग से लेकर प्रशासनिक निर्णयों तक भाजपा सरकार भेदभावपूर्ण नीति अपना रही है। भाजपा नेताओं के अत्याचारों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि निर्दोष गरीबों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठे मुकदमों का विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि दलितों और महिलाओं पर अत्याचार के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है। बहन-बेटियों के साथ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि उनकी भाजपा से अंदरूनी सांठगांठ अभी भी जारी है, इसलिए वे अन्याय और अत्याचार करने वालों की आभारी बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। झूठे मुकदमे लगाकर उन्हें अपमानित और प्रताड़ित किया जा रहा है।बसपा प्रमुख के उस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए कि समाजवादी सरकार के समय बने पार्कों की सफाई नहीं हुई, अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी मूर्ति समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही लगवाई थी। उन्होंने बताया कि इसका लिखित रिकॉर्ड एलडीए में मौजूद है। समाजवादी सरकार ने पार्कों के रखरखाव के लिए एलडीए को साफ-सफाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सूखे खजूर के पेड़ों की जगह वासिंगटोनिया और क्रोशिया के पेड़ लगाए गए थे, जिनसे पार्कों की सुंदरता बढ़ी थी। अखिलेश यादव ने तंज कसा कि अगर भाजपा सरकार ने सही रखरखाव किया होता तो पत्थर काले नहीं पड़ते।बरेली की हालिया घटना को साजिश बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे प्रकरण को छिपाने के लिए भाजपा सरकार ने बरेली की घटना को अंजाम दिलवाया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्रशासनिक विफलता थी। ज्ञापन देने का कार्यक्रम पहले से तय था, फिर भी प्रशासन ने जानबूझकर घटना होने दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बरेली में वही जिलाधिकारी तैनात है, जिसने पहले कटेहरी उपचुनाव में धांधली कर भाजपा को जिताया था।उन्होंने कहा कि कानपुर में अखिलेश दुबे के मामले में बुलडोजर नहीं चला, क्योंकि उसमें पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई पुलिसकर्मी फंसे हुए हैं। वहीं बरेली में निर्दोषों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है क्योंकि वहां गरीब, अल्पसंख्यक और समाजवादी कार्यकर्ता हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाया था, लेकिन उन पर जूता फेंक दिया गया — यह लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। समाजवादी पार्टी बुलडोजर राजनीति के खिलाफ है क्योंकि यह न्याय नहीं, दमन का प्रतीक बन चुकी है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों, किसानों और नौजवानों को निराश किया है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, खाद की भारी किल्लत रही, महिलाओं को लाइनों में खड़ा होना पड़ा और अपमान सहना पड़ा। कई जगह किसानों की मौतें भी हुईं लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा, किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने किसानों के हित में एक्सप्रेस-वे किनारे मंडियां बनाई थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें बंद कर दिया। कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट बंद कर दिया गया, बिजली व्यवस्था चौपट हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग को बर्बाद कर दिया है। उत्पादन बढ़ाने की बजाय सब स्टेशन और ट्रांसमिशन कार्य अधूरे छोड़ दिए गए। सरकार अब भ्रष्टाचार के लिए बिजली विभाग का निजीकरण करना चाहती है।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों और पीड़ितों के साथ खड़ी है और अन्याय के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.