
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बीच महिला अफसर पर अभद्र टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण: मायावती
लखनऊ: बसपा प्रमुख मायावती ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बीच सेना की महिला अफसर को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पहले विदेश सचिव और फिर सेना की महिला अधिकारी के प्रति घृणित, असभ्य और अमर्यादित टिप्पणी जोश और उमंग के उस सकारात्मक माहौल को नष्ट करने वाली है, जो पूरे देश में भारतीय सेना की पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई से बना है। उन्होंने इसे अति दुखद और शर्मनाक बताया।मायावती ने कहा कि मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा मुस्लिम महिला सेना प्रवक्ता पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को भाजपा और केंद्र सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार संबंधित मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि दुश्मनों के नापाक मंसूबे विफल हों और देश में आपसी भाईचारा और समरसता प्रभावित न हो।बसपा प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को लेकर देश में गर्व और उत्साह का माहौल है। वहीं, कुछ नेताओं की ओर से की गई टिप्पणियों पर लगातार विवाद गहराता जा रहा है।
