diwali horizontal

पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण; श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं!

अयोध्या LIVE 31/10/25

0 58

पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण; श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, स्वच्छता व सुरक्षा पर विशेष जोर
(सिटीजन वॉयस: जे पी गुप्ता:अयोध्या संवाददाता)
अयोध्या: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। आगामी पंचकोसी परिक्रमा के मद्देनज़र मण्डलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को कच्चा घाट से लेकर मानस भवन तक परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पर पानी भरा हुआ है, वहां राविस डालकर मार्ग को समतल किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पैदल चलने में कोई दिक्कत न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि स्नानघर और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था हर प्रमुख स्थल पर सुनिश्चित की जाए।
लाइटिंग और बैरिकेटिंग की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

मण्डलायुक्त ने मानस भवन के पास राविस डालने और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त लाइटिंग और हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएं, जिससे रात्रिकालीन समय में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

आशिफबाग क्रॉसिंग के पास बैरिकेटिंग, हाईलोजन और बैरियर लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि क्रॉसिंग पार करते समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि रखी जाए। जहां-जहां नालों की सरिया खुली दिख रही है, वहां तत्काल बैरिकेटिंग और पर्दे लगाने के निर्देश दिए गए।
सीसीटीवी कैमरों से होगी सम्पूर्ण मार्ग की निगरानी
अधिकारी दल ने बड़ीबुआ क्रॉसिंग और ओवरब्रिज के नीचे व ऊपर जाने वाली सीढ़ियों का भी निरीक्षण किया। यहां पूरी तरह से बैरिकेटिंग करने के निर्देश देते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई असुविधा- मण्डलायुक्त
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने अधिकारियों से कहा कि परिक्रमा मार्ग पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सफाई व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए और आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध हों।इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर, पुलिस अधीक्षक नगर, सीओ सिटी, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-4 सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

रिमझिम बारिश में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, रन फॉर यूनिटी में दिखी एकता की झलक

 रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने भारत को अखंड स्वरूप दिया: अशोक बाजपेयी 
 सरदार पटेल ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा:अर्पणा यादव
अयोध्या: भारत को अखंडता के सूत्र में पिरोने वाले लौहपुरुष, भारत रत्न सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुरुवार को “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क से प्रारंभ हुई यह एकता दौड़ “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के उद्घोष के साथ शहीद स्मृति स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। रिम-झिम बारिश के बावजूद प्रतिभागियों में जोश और देशभक्ति का जज़्बा देखने योग्य था। “राष्ट्र एक, भारत महान” और “भारत माता की जय ” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

 

कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री अशोक बाजपेई, ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों का एकीकरण कर भारत को अखंड स्वरूप दिया, आज का भारत उनकी दूरदृष्टि और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन महिला शक्ति के लिए भी प्रेरणास्रोत है, उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने कहा कि युवाओं को सरदार पटेल के विचारों को जीवन में उतारना चाहिए, तभी सशक्त भारत का निर्माण संभव है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस एकता की मशाल जलाई थी, वही आज राष्ट्र को विकास और सम्मान की दिशा दे रही है।
मौके पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, अभय सिंह, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू, वासुदेव मौर्या, अवधेश पाण्डेय बादल, अभिषेक मिश्र, आलोक सिंह रोहित, देवता पटेल, रमेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, व्यापारी, छात्र-छात्राएं व प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई

अयोध्या: दर्शन नगर रोड स्थित पटेल भवन के प्रांगण में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पटेल प्रगति समिति के बैनर तले भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के संरक्षक मिश्रीलाल वर्मा, अध्यक्ष इंजीनियर पी. एन. वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष रविंद्र कुमार (एडवोकेट), महामंत्री डॉ. एस. के. वर्मा तथा युवा अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. एम. पी. वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने देश के एकीकरण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान पटेल प्रगति समिति के युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ. एम. पी. वर्मा ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में समिति द्वारा विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। आगामी 2 नवंबर (रविवार) को पटेल भवन, आशापुर में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के गणमान्य नागरिक एवं विशिष्ट वक्ता उपस्थित रहेंगे और सरदार पटेल के जीवन एवं आदर्शों पर अपने विचार साझा करेंगे।इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विद्यालयी प्रस्तुतियों तथा भोजन व्यवस्था की भी विशेष रूप से तैयारी की गई है। समिति ने समस्त नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में सम्मिलित होकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को हर्षोल्लासपूर्वक मनाएं।

कार्यक्रम में अध्यक्ष इंजीनियर पी. एन. वर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र कुमार वर्मा, निर्माण प्रकोष्ठ अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ डॉ. अवधेश कुमार वर्मा, जिला युवा अध्यक्ष अनूप वर्मा, संचालक के. पी. वर्मा, संपादक के. पी. के. वर्मा, अयोध्या प्रसाद वर्मा, श्रवण कुमार वर्मा, रघुनाथ वर्मा, संतराम वर्मा सहित पटेल प्रगति समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
नगर की तरक्की के लिए महापौर ने किया ‘दुबई डिक्लेरेशन’ पर हस्ताक्षर
यूपीआई डेटा से की जाएगी अयोध्या शहर को आधुनिक बनाने की प्लानिंग
अयोध्या: शहरी क्षेत्र की उन्नति के लिए अब जानकारियों का आदान-प्रदान वैश्विक स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए ‘दुबई डिक्लेरेशन ऑन द फ्यूचर अर्बन गवर्नमेंट’ प्लान के तहत दुनिया के 175 शहरों के महापौर ने हस्ताक्षर किए हैं। यह जानकारी एक्सपो सिटी दुबई में बीते 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित 2025 के एशिया प्रशांत शहर शिखर सम्मेलन एवं मेयर फोरम में हिस्सा लेने के बाद अयोध्या लौटे महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने दी।
उन्होंने ‘मीडिया’ को बताया कि एक्सपो सिटी दुबई में आयोजित सम्मेलन में दुनिया के 175 शहरों के महापौर ने हिस्सा लिया, जिसमें भारत के 18 महापौर शामिल थे। उत्तर प्रदेश के मथुरा नगर निगम के महापौर और वह इस सम्मेलन का हिस्सा बने।

उन्होंने बताया एक्सपो सिटी दुबई एवं ब्रिसबेन सिटी काउंसिल की पहल पर एस्पो विलेज एवं अलवस्ल एवेन्यू के बीच आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन एजुकेटिव काउंसिल के महासचिव हिज एक्सीलेंसी अब्दुल्लाह अनवस्ती एवं ब्रिसबेन ऑस्ट्रेलिया के मेयर एंड्रियांस सीन्नर ने किया।

महापौर ने बताया कि चर्चा के दौरान शहरी विकास के भविष्य पर गूगल के बेस्ट सेलर एंड फॉर्मर चीफ बिजनेस ऑफिसर ऑफ़ गूगल एमओ ग्वादत के साथ चर्चा की गई। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि यूपीआई में आपके शहर का हर प्रकार का डाटा मौजूद है, जिससे सेक्टर वार विकास की योजना बनाई बनाई जानी चाहिए, ताकि आपका शहर स्मार्ट बन सके और अपनी जरूरत की आसानी से पूर्ति कर सके।
जापान के टोक्यो की मेयर यूरोको कोकी के साथ अंडरग्राउंड टनल बनाकर जल भराव से निजात पर चर्चा की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं को गर्मी से निजात दिलाने के लिए कूलिंग द सिटी परियोजना के तहत शेड में पानी की नलिकाएं लगाकर छिड़काव करने जैसे विचार साझा किए गए। महापौर ने बताया कि अयोध्या में भी टनल बनाकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने तथा सेड में पानी की नलिकाएं लगाकर छिड़काव करने पर विचार किया जाएगा। सम्मेलन के बाद महापौर ने दुबई में रह रहे उत्तर भारतीयों के समूह से भी मुलाकात कर अयोध्या के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विवेक तिवारी की अगवाई में उनका स्वागत भी उत्तर भारतीय नागरिकों के समूह ने किया।

 

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

अयोध्या:  नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। आगामी परिक्रमा मेले की तैयारियों को देखते हुए उन्होंने मार्ग की समस्त व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था व सड़कें पूरी तरह दुरुस्त, तथा पेयजल और सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मोबाइल शौचालयों की पर्याप्त संख्या में स्थापना, कचरा निस्तारण की ठोस व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की टीमों की तैनाती की जाए। चूडामणि चौराहे के पास सीवर लाइन का टूटा ढक्कन व गढ्ढे को तत्काल ठीक कराने का निर्देश नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार को दिया।

विधायक गुप्ता ने श्रद्धालुओं की पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं, ताकि यातायात में बाधा न उत्पन्न हो। साथ ही पथ प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था, रात्रि गश्त, और सूचना सहायता केंद्रों की भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए, यही हमारी प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर निगम कर्मचारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे

 दलित बेटी पर धर्म परिवर्तन का दबाव: सियासत की चुप्पी पर संत समाज का गुस्सा!

अयोध्या:  सोहावल तहसील क्षेत्र के ग्राम बेगमगंज मोइया कपूरपुर में एक दलित बेटी के साथ पड़ोसी युवक द्वारा घर में घुसकर छेड़छाड़, बलात्कार के प्रयास और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। इस घटना पर श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति के संरक्षक राजेश सिंह मानव संत दास ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि दलितों के नाम पर राजनीति करने वाले संगठन और नेता कहाँ हैं? जब एक दलित बेटी के सम्मान पर हमला हुआ, तब फैज़ाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद, भीम आर्मी और बसपा जैसी पार्टियां खामोश क्यों हैं?समाजसेवी राजेश सिंह मानव ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सांसद अवधेश प्रसाद और दलित संगठनों ने इस बेटी के पक्ष में आवाज़ नहीं उठाई, तो श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सपा सांसद का खुलकर विरोध करेंगे।

यह घटना सिर्फ अपराध नहीं, बल्कि जाति और धर्म दोनों पर दोहरा प्रहार है। एक तरफ दलित समाज की बेटी के साथ बलात्कार का प्रयास, दूसरी ओर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव और इन सबके बीच, सियासी चुप्पी का कफन। गांव के राजकुमार जो मंदिरों में राजगीरी कर परिवार पालते हैं, आज पुलिस थानों और तहसील दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं। मुकदमा दर्ज है, पर इंसाफ की रफ्तार वही पुरानी धीमी, थकी और संवेदनहीन। जब राजनीति धर्म और जाति के नाम पर वोट मांगती है, तब इंसाफ की आवाज़ अक्सर सत्ता के शोर में गुम हो जाती है।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल व आचार्य नरेंद्र देव की जयंती धूमधाम से मनाई गई

अयोध्या: भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती अवसर पर जनपद के विभिन्न स्थानों पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद् एवं समाजवादी विचारक आचार्य नरेंद्र देव जी की जयंती भी श्रद्धा और सम्मानपूर्वक मनाई गई।
रुदौली विधानसभा के अख्तियार ग्राम पंचायत में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण
रुदौली विधानसभा के ग्राम पंचायत अख्तियार में सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोकदल अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने की, जबकि संचालन युवा नेता संदीप पटेल ने किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए चौधरी रामसिंह पटेल ने कहा कि देश को आज सरदार पटेल जैसे कर्तव्यनिष्ठ, दृढ़निश्चयी और चरित्रवान नेताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों का भारत में विलय कर राष्ट्रीय एकता की नींव रखी।

जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य बलराम ने कहा कि सरदार पटेल, चौधरी चरण सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर हम सबके आदर्श हैं।
इस अवसर पर युवा जिलाध्यक्ष अनिल वर्मा, सदस्यता प्रभारी गंगाराम वर्मा, वीरेंद्र वर्मा, राकेश रावत, राम कैलाश वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, श्याम पटेल व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सरदार पटेल की प्रतिमा लगाने की मांग
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार मिश्र को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए तथा किसी मोहल्ले का नाम पटेल नगर या वल्लभनगर रखा जाए।
घनश्याम वर्मा ने कहा कि पूरे देश में 150वीं जयंती मनाई जा रही है, लेकिन अयोध्या में प्रतिमा न होने के कारण श्रद्धांजलि अर्पित करने में कठिनाई होती है। ज्ञापन देने वालों में रविशंकर पांडेय, रंजीत कोरी, मंसाराम वर्मा, राहुल वर्मा, विवेक पटेल और मोहित पांडे शामिल रहे।
खत्री सभा ने मनाई आचार्य नरेंद्र देव की जयंती
रिकाबगंज स्थित ‘नरेंद्रालय’ में खत्री सभा अयोध्या-फैजाबाद के तत्वावधान में आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभा के अध्यक्ष संजय महिंद्रा ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव विलक्षण प्रतिभा और उच्च कोटि के शिक्षक थे, जिन्होंने समाजवाद को जीवन का मूल मंत्र बनाया। श्रद्धांजलि देने वालों में संजय कपूर, आलोक मनोचा, कविंद्र साहनी, सचिन सरीन, सुप्रीत कपूर, निखिल टंडन, आशीष महिंद्रा व विवेक सहनी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कांग्रेस ने किया फल वितरण
पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं सरदार पटेल की जयंती पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ‘रानू’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कुष्ठ आश्रम में फल वितरण किया।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामेंद्र त्रिपाठी, छात्र संगठन अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता, सेवा दल अध्यक्ष बसंत मिश्रा, आसाराम जागरथ, रामकरण कोरी, चंचल सोनकर, शत्रुघ्न कोरी, मोहम्मद बसीर व विशाल दुबे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर मनाई गई जयंती
समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय लोहिया भवन पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्यामकृष्ण श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन महासचिव हामिद जाफर मीसम ने किया।
नेताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
श्यामकृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को भारत में मिलाकर देश को एक सूत्र में पिरोया। वहीं, आचार्य नरेंद्र देव ने भारतीय समाजवाद की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम में राकेश यादव एडवोकेट, प्रदेश सचिव रामअचल यादव, संजय सिंह, प्रवीण राठौर, पूजा वर्मा, डॉ. घनश्याम यादव, अश्विनी यादव, विद्या भूषण पासी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसी तरह सपा जिला कार्यालय लोहिया भवन गुलाबबाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल, आचार्य नरेंद्र देव की जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई।
जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि सरदार पटेल भारत के बिस्मार्क कहलाए, जिन्होंने राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ किया। आचार्य नरेंद्र देव समाजवादी विचारधारा के प्रवर्तक रहे।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, निष्ठा और समर्पण का प्रतीक है।
पवन पांडे ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों के राष्ट्रीयकरण और हरित क्रांति जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी लीला कुशवाहा, डॉ. एम.पी. यादव, राम अचल यादव, बाबूराम गोंड, दान बहादुर सिंह, लवलेश पांडे सहित अनेक नेता मौजूद रहे।

 मकान गिरने से हुए नुकसान की जानकारी पर पहुंचे विधायक अभय सिंह

अयोध्या: हैदरगंज के नंदापुर गांव में खपरैल का कच्चा मकान गिरने से हुए नुकसान की जानकारी पर पहुंचे विधायक अभय सिंह ने सहायता किया है। विकास खंड तारुन के ग्राम पंचायत बालापुर के मजरे नंदापुर की है, जहां पर बीते बृहस्पतिवार को लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण द्वारिका प्रसाद पांडेय के खपरैल और मिट्टी का मकान भरभरा कर गिर गया था, मलबे में दबाकर गृहस्थी का काफी सामान नष्ट हो गया, इसकी जानकारी होने पर  शुक्रवार की दोपहर 1:00 बजे के आसपास क्षेत्रीय गोसाईगंज विधायक अभय सिंह द्वारिका प्रसाद पांडेय के घर पहुंचे, उन्होंने पीड़ित की सहायता करते हुए तहसीलदार बीकापुर से वार्ता कर से लाभ दिलाने का निर्देश दिया,

 

इस दौरान उन्होंने कहा कि योगी सरकार की योजना हर पात्र को छत मुहैया कराना है, उन्होंने आवास का लाभ दिलाए जाने का आश्वासन भी दिया है, वही विधायक के साथ संजय सिंह, नीरज सिंह, अनिल यादव, ग्राम प्रधान घनश्याम चौरसिया, पूर्व प्रधान सुभाष चंद्र, राम नायक मिश्रा, राजकुमार पांडेय सहित ग्रामीण मौजूद रहे ‌।

परिक्रमार्थियों को चाय बिस्किट पानी खिलाकर किया सेवा

अयोध्या:  चौदह कोसी परिक्रमा में आए श्रद्धालुओं की सेवा का भाव लेकर विकलांगोत्थान संस्थान द्वारा
चाय , बिस्किट , पानी ,फल का वितरण किया गया। संस्थान द्वारा कौशलपुरी कालोनी के पास बुधवार की रात से ही शिविर लगाया गया था जो दूसरे दिन देर शाम तक चलता रहा।सेवा

शिविर में संरक्षक एडीजीसी लाल मणि तिवारी ,पवन सिंह ,पी पी सिंह , भारत गुप्ता , विवेक यादव , रोहित तिवारी , मनोज तिवारी , महेंद्र वर्मा , धर्मेंद्र सिंह , चंद्रभूषण उर्फ विक्की फौजी , राजकरण तिवारी, सरोज प्रभाकर , अभिषेक दुबे , हरि शर्मा, मनोज श्रीवास्तव,बाबी श्रीवास्तव,राजेश सिंह ने श्रद्धालुओं की सेवा किया।

डीएसआर तकनीक से नर्सरी, पोखरिंग, समतलीकरण और रोपाई की आवश्यकता समाप्त हो जाती!

मया बाजार-अयोध्या: किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत किसानक्राफ्ट लिमिटेड ने क्षेत्र के सरैया गांव में “सूखे सीधे बीज वाले धान (ड्राई डायरेक्ट सीडेड राइस – डीएसआर)” पर एक तकनीकी प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को डीएसआर तकनीक के लाभों से परिचित कराना और धान की खेती में पानी की बचत व लागत में कमी के उपायों पर जागरूक करना था।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र अयोध्या डॉ पंकज सिंह (साइंटिस्ट) ने कहा कि “धान की खेती भारत की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभाती है, लेकिन घटते जलस्तर और बढ़ती लागत किसानों के सामने चुनौती बन रही है। डीएसआर तकनीक से किसान समान उत्पादन के साथ 50 प्रतिशत तक पानी की बचत कर सकते हैं। किसानक्राफ्ट के  मैनेजर सीड्स डॉ सौजन्या  ने बताया कि सूखे सीधे बीज वाले धान के उपयोग से किसान मिट्टी की उर्वरता के अनुसार बेहतर उपज प्राप्त कर सकते हैं। यह तकनीक पारंपरिक धान की तुलना में कम खर्चीली है और स्वाद में कोई अंतर नहीं आता।
सहायक मैनेजर आलोक जैन  ने कहा कि “डीएसआर तकनीक से नर्सरी, पोखरिंग, समतलीकरण और रोपाई की आवश्यकता समाप्त हो जाती है, जिससे श्रम लागत में भारी कमी आती है। यह पर्यावरण के अनुकूल है क्योंकि इसमें मीथेन उत्सर्जन कम होता है और कीटों व बीमारियों का प्रकोप भी घटता है।”

डॉ वैभव सिंह  ने कहा कि “लो-मीथेन धान के एक हिस्से के रूप में यूपी में डीएसआर खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह न केवल पानी की बचत करती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देती है।”

कार्यक्रम का आयोजन प्रगति शील किसान राकेश वर्मा  के सहयोग से किया गया।
किसानक्राफ्ट के सेल्स मैनेजर अजय वर्मा ने बताया कि कंपनी एक आईएसओ-प्रमाणित निर्माता, थोक आयातक और उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उपकरणों की वितरक है। देशभर में 5000 से अधिक डीलरों, एक विनिर्माण इकाई और 14 क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से किसानक्राफ्ट सीमांत किसानों की पैदावार बढ़ाने और उनकी आजीविका में सुधार के लिए कार्यरत है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और डीएसआर तकनीक के व्यावहारिक लाभों को प्रत्यक्ष रूप से देखा।

कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

पूरा बाजार- अयोध्या: पूरा बाजार क्षेत्र के ग्राम जलालुद्दीननगर में रविवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कथा स्थल से कथा व्यास कौशिल्यानंदवर्धन महाराज की अगुवाई में निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा हनुमान मंदिर से होते हुए भगवान शंकर के शिवाला स्थल तक पहुंची, जहां विधिवत कलश पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने जल भरकर वापसी की।

जल भरते समय श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा व्यास कौशिल्यानंदवर्धन महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए भक्ति और धर्म मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य यजमान गायत्री देवी व चंदन कसौधन सहित प्रमोद सोनी, रामू गुप्ता ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

श्रीकृष्ण की बाललीलाएं समाज के लिए आदर्श: राधेश जी शास्त्री! 

मया बाजार-अयोध्या:  श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए आदर्श हैं। भगवान श्री कृष्ण  अपनी लीला से सभी का मन मोह लेते थे। कई जन्मो के पुण्योदय के उपरांत ही मानव को कथा श्रवण का अवसर मिलता है। कथा सुनने से मानव का मन पवित्र और शुध्द होता है। उक्त बातें मया बाजार से सटे टिकरा बैहारी गांव में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवे दिन अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास आचार्य राधेश शास्त्री ने श्रोताओं के सम्मुख कहीं। उन्होंने कहा कि अपने बाल्यावस्था में भगवान कृष्ण ने अनेक प्रकार की बाल लीलाएं प्रस्तुत की जो मंत्रमुग्ध करने वाली थी। श्री कृष्ण भगवान विष्णु के साक्षात अवतार थे।

आचार्य राधेश जी ने गोपियों के संग की गई लीला, माखन चोरी, मां यशोदा से जिद करने, गोवर्धन पर्वत को उठाकर इंद्र के मान मर्दन को विध्वंस करने की लीला का बहुत ही सुंदर ढंग से वर्णन किया। कथा व्यास ने बताया कि पूत का अर्थ है पवित्र। जो पूत नहीं है वह पूतना है। यशोदा बुद्धि है और नंद जीव। बुद्धि और जीव दोनों ही यदि कृष्ण के साथ रहें तो कोई विपत्ति नहीं आती। वस्तु को देखने वाला जीव है, और भाव को देखने वाला भगवान है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप मे विनोद पांडेय (गुड्डू), सुमन द्विवेदी, मंजू पांडेय, रेखा दूबे, देवकली तिवारी, अरुणेंद्र दूबे, जनार्दन दूबे, गायत्री पांडेय, विवेक पांडेय, लाल जी पांडेय आदि भक्तों ने कथा व्यास को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

आचार्य नरेंद्र देव शिक्षाविद् व एकता के प्रतीक थे सरदार पटेल: कुलपति 

रन फॉर यूनिटी में दौड़े छात्र-छात्राएं, कुलपति ने प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
कुमारगंज -अयोध्या: आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के एग्री बिजनेस मैनेजमेंट के प्रेक्षागृह में आचार्य नरेंद्र देव एवं लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने सबसे पहले नरेंद्र उद्यान पहुंचकर आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने प्रेक्षागृह में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में रन फॉर यूनिटी का भी आयोजन किया गया और सभी को एकता की शपथ भी दिलाई गई।

 इस मौके पर कुलपति कर्नल डा. बिजेंद्र सिंह ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव मेधावी व्यक्तिव एवं महान शिक्षाविद् के लिए जाने जाते थे। आचार्य नरेंद्र देव अपने मूल्यों एवं समाजसेवी विचारधारा के कारण चमकते हुए सूरज की तरह थे। समाज में एक अलग छवि रखते थे। उन्होंने कहा कि वल्लभ भाई पटेल स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता थे। सरदार पटेल ने भारत के एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई रियासतों को भारत में शामिल करने में सफल रहे वित्त नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार पटेल एवं आचार्य नरेंद्र देव ने देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। छात्र-छात्राओं को इनके आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है। विद्यार्थियों को महापुरुषों की आत्मकथा व बॉयोग्राफी को पढ़ना चाहिए। कुलसचिव डा. पीएस. प्रमाणिक ने कहा कि सरदार पटेल ने प्रशासनिक सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया और कई बार जेल भी गए। डीएसडब्ल्यू डा. डी. नियोगी ने कहा कि सरदार पटेल को आयरनमैन ऑफ इंडिया के नाम से जाना जाता है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।   इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी क्रीड़ा परिसर के मुख्य गेट पर कुलपति ने “रन फॉर यूनिटी” को हरी झंडी दिखाई। पुरुष वर्ग में 150 व महिला वर्ग में 100 प्रतिभागियों ने पांच की की दौड़ में प्रतिभाग किया। इस दौड़ में पुरुष वर्ग में साजन ने प्रथम स्थान हासिल किया। उमंगदीप दूसरे, प्रदुम्न यादव तीसरे, सौरभ चौथे एवं पुनीत कुमार ने पांचवा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सुमन वर्मा प्रथम, सृष्टि द्वीतीय, रचना तिवारी तीसरे, नीति ने चौथे व अनुष्का ने पांचवा स्थान हासिल किया।

कुलपति ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। वानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. भगवान दीन एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डा. डी. नियोगी के संयोजन में जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

अयोध्या में तीन नवम्बर को आयोजित किया जाएगा सम्पूर्ण समाधान दिवस

अयोध्या:  मुख्य राजस्व अधिकारी अयोध्या ने बताया है कि नवम्बर माह के प्रथम शनिवार दिनांक 01 नवम्बर 2025 को आयोजित किए जाने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस के कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। निर्धारित तिथि को अयोध्या में पंचकोसी परिक्रमा के चलते स्थानीय अवकाश घोषित होने के कारण अब यह कार्यक्रम दिनांक 03 नवम्बर 2025 (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा।मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि जनपद अयोध्या की सभी तहसीलों में यह समाधान दिवस पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में संपन्न होगा।

तहसील बीकापुर में जिलाधिकारी,

तहसील सोहावल में मुख्य विकास अधिकारी,
तहसील मिल्कीपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी,
तहसील रूदौली में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा
तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)
की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा।मुख्य राजस्व अधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु निर्धारित तिथि 03 नवम्बर 2025 (सोमवार) को संबंधित तहसीलों में उपस्थित हों

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.