diwali horizontal

जानकीपुरम में जल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों पर हरकत में आया जलकल विभाग, महाप्रबंधक के निरीक्षण में मिली संतोषजनक आपूर्ति

0 53

जानकीपुरम में जल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों पर हरकत में आया जलकल विभाग, महाप्रबंधक के निरीक्षण में मिली संतोषजनक आपूर्ति

लखनऊ: जानकीपुरम के सेक्टर-जे इलाके में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर कुछ नागरिकों द्वारा हाल ही में की गई शिकायतों के बाद जलकल विभाग ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को क्षेत्रीय निरीक्षण किया। विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जलापूर्ति से जुड़ी संपूर्ण व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया।निरीक्षण के दौरान विभाग की ओर से पाइपलाइनों की गहन जांच की गई। किसी भी स्थान पर तकनीकी खराबी या लीकेज जैसी कोई समस्या नहीं पाई गई। स्थानीय निवासियों से बात करने और उनके घरों में जल की आपूर्ति की स्थिति का अवलोकन करने पर यह स्पष्ट हुआ कि क्षेत्र में स्वच्छ, नियमित और संतुलित जल वितरण हो रहा है। इससे यह पुष्टि हुई कि वर्तमान में जानकीपुरम के सेक्टर-जे में जलापूर्ति व्यवस्था संतोषजनक ढंग से संचालित हो रही है।निरीक्षण दल में अधिशासी अभियंता सचिन कुमार यादव और पंप सुपरिटेंडेंट/जेई अरुण सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने मौके पर ही स्थानीय नागरिकों से संवाद किया, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभाग की ओर से उन्हें आश्वस्त किया गया कि जलापूर्ति व्यवस्था को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है।महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि विभाग का उद्देश्य हर नागरिक तक स्वच्छ और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहा है, और किसी भी शिकायत की स्थिति में फौरन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जानकीपुरम क्षेत्र में लगे सभी ट्यूबवेल सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और कहीं कोई बाधा नहीं है।जलकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को जल की गुणवत्ता या आपूर्ति में कोई समस्या अनुभव हो तो वह सीधे विभाग को सूचित करें। शिकायत मिलते ही संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।जलकल विभाग की इस सक्रियता और त्वरित प्रतिक्रिया से जानकीपुरम क्षेत्र के नागरिकों में संतोष का वातावरण बना है। लोगों ने विभाग द्वारा की गई तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए भरोसा जताया है कि भविष्य में भी इसी प्रकार समयबद्ध सेवाएं मिलती रहेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.