
काकोरी व दुबग्गा पुलिस ने गैंगस्टर नीरज यादव की 5000 वर्गफुट अवैध संपत्ति की कुर्की की
लखनऊ: अपराध जगत से अर्जित संपत्तियों पर लगाम कसते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन की काकोरी और दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को गैंगस्टर नीरज यादव उर्फ पुजारी की अवैध संपत्ति को कुर्क किया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 14(1) के तहत की गई।कुर्क की गई संपत्ति ग्राम मौरा बरावन कलां में स्थित है, जिसमें खाता संख्या 448 रकबा 3200 वर्गफुट और खाता संख्या 048 खसरा 552स रकबा 1800 वर्गफुट भूमि शामिल है। कुल मिलाकर 5000 वर्गफुट क्षेत्रफल की यह भूमि अभियुक्त द्वारा अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी।पुलिस के अनुसार, काकोरी थाना प्रभारी निरीक्षक द्वारा 4 जुलाई 2025 को गैंगस्टर एक्ट की धारा 29(b)(1)/2(b)(xi)/3(1) के अंतर्गत अभियुक्त नीरज यादव उर्फ पुजारी निवासी मधवापुर बेगरिया, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया था। इस प्रकरण की विवेचना प्रभारी निरीक्षक दुबग्गा द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान प्रमाणित हुआ कि उक्त भूमि अभियुक्त ने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित की थी।
इस पर माननीय न्यायालय, पुलिस आयुक्त लखनऊ ने वाद संख्या 02/2025 में 13 अक्टूबर 2025 को संपत्ति कुर्क करने का आदेश पारित किया था। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में काकोरी व दुबग्गा पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कुर्की की कार्रवाई संपन्न की।कुर्की कार्रवाई में काकोरी थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर, दुबग्गा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा, अपर निरीक्षक सोबरन सिंह, उपनिरीक्षक शिव सिंह, हेड कॉन्स्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह, कॉन्स्टेबल देवेन्द्र यादव, रोहित यादव, गजेन्द्र कुमार तथा राजस्व टीम के लेखपाल दीपक वर्मा और विनीत मिश्रा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने और अपराध से अर्जित संपत्तियों पर सख्त कार्रवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
