
बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने मंगलवार को लोकसभा में चुनाव सुधार पर चल रही बहस के दौरान भावुक स्वर में एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने ब्राज़ील की नागरिक लारिसा नेरी से सदन की ओर से माफी मांगते हुए कहा कि उनकी तस्वीर का बिना अनुमति के चुनावी आरोपों में इस्तेमाल होना व्यक्तित्व अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
कंगना रनौत ने सीधे तौर पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि हर महिला को गरिमा का अधिकार है और किसी की भी छवि का राजनीतिक बहस में इस तरह उपयोग करना गलत है। उन्होंने सदन में कहा कि लारिसा नेरी ने स्वयं स्पष्ट किया है कि वह कभी भारत नहीं आईं और हरियाणा चुनाव से उनका कोई संबंध नहीं है। इसलिए सदन की ओर से मैं उनसे माफी मांगती हूं। यह उनकी गरिमा और अधिकारों का उल्लंघन है, जिसने उन्हें परेशान किया है।
Video Link
https://x.com/govindprataps12/status/1998684623631716528?s=20
लोकसभा की बहस के दौरान राहुल गांधी ने दोहराया कि हरियाणा की मतदाता सूची में एक ब्राज़ीलियाई महिला 22 बार दिखाई दी थी। इसी संदर्भ में पहले एक तस्वीर वायरल हुई थी, जो बाद में स्टॉक इमेज निकली। पेशे से हेयरड्रेसर लारिसा नेरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया था कि यह पुरानी तस्वीर है, जिसका किसी चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
कंगना रनौत ने विपक्ष पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें मुद्दे पर आने के लिए कहा गया, तो वे ‘तर्क गढ़ने’ की बात करने लगे और अंत में फिर उसी महिला की तस्वीर पर आ गए। कंगना ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईवीएम हैक नहीं करते, बल्कि वे दिल हैक करते हैं।
उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी निशाना साधते हुए पुराने आरोपों का उल्लेख किया कि सोनिया गांधी के भारतीय नागरिक बनने से पहले प्रियंका गांधी ने मतदान किया था, हालांकि प्रियंका गांधी इन आरोपों को पहले ही झूठ करार दे चुकी हैं।
